-बाबा गरीबनाथ धाम के कायाकल्प की तैयारी तेज, फकुली में बनेगा भव्य स्वागत द्वार
मुजफ्फरपुर। उत्तर बिहार के देवघर के रूप में प्रसिद्ध ऐतिहासिक बाबा गरीबनाथ धाम के कायाकल्प और भव्य कॉरिडोर निर्माण की दिशा में राज्य सरकार ने कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने जिलाधिकारी और एनएचएआई के प्रोजेक्ट मैनेजर के साथ जिले के प्रवेश द्वार फकुली स्थित प्रस्तावित तोरण द्वार स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य बाबा गरीबनाथ धाम को राष्ट्रीय स्तर के प्रमुख धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना है। इसके तहत फकुली में भव्य स्वागत द्वार का निर्माण कराया जाएगा, जो मुजफ्फरपुर में प्रवेश करने वाले श्रद्धालुओं और कांवरियों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र होगा। इसके अलावा शहर के छाता बाजार और साहू चौक पर भी विशेष थीम आधारित भव्य प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे।

परियोजना के तहत ऐतिहासिक साहू पोखर का भी कायाकल्प किया जाएगा। यहां आकर्षक आरती डेक के साथ ग्लास ब्रिज का निर्माण कराया जाएगा। श्रद्धालुओं और कांवरियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कांवरिया पथ और प्रमुख पहुंच मार्गों के चौड़ीकरण की भी योजना है, ताकि सावन के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम और सुरक्षित बनाया जा सके।
काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर विकसित किए जा रहे इस प्रोजेक्ट के प्रथम चरण के लिए पर्यटन विभाग ने 6.19 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी है। इसकी पहली किस्त भी जारी हो चुकी है। इस राशि से मंदिर परिसर, साहू पोखर और आसपास के क्षेत्रों का सौंदर्यीकरण कराया जाएगा।
सरकार की योजना बाबा गरीबनाथ धाम को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर धार्मिक पर्यटन का बड़ा केंद्र बनाने की है। कॉरिडोर के निर्माण और सौंदर्यीकरण के बाद सावन में आने वाले लाखों शिवभक्तों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।












