-हत्था पंचायत के चांदपुरा में नल-जल योजना का सपोर्टिव सुपरवीजन, बाढ़ के दौरान पेयजल व्यवस्था की हुई समीक्षा
मुजफ्फरपुर/बन्दरा(दीपक)। मुजफ्फरपुर जिले के बंदरा प्रखंड अंतर्गत हत्था पंचायत के चांदपुरा वार्ड संख्या 15 में मुख्यमंत्री ग्रामीण निश्चय पेयजल योजना का सपोर्टिव सुपरवीजन किया गया। इस दौरान क्लाइमेट रेसिलियंट को ध्यान में रखते हुए नल-जल योजना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जमीनी स्तर पर समीक्षा की गई।
सुपरवीजन के दौरान वार्ड सदस्य अजीत कुमार, अनुरक्षक मनोज कुमार, मुन्नी बैंगरी पंचायत के अनुरक्षक गोपाल कुमार सहित स्थानीय ग्रामीणों के साथ बैठक की गई। बैठक में नल-जल योजना के संचालन, पेयजल की उपलब्धता और बाढ़ के दौरान ग्रामीणों को होने वाली परेशानियों के संबंध में जानकारी ली गई।
इस दौरान बाढ़ की स्थिति में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, नल-जल योजना के प्रभावित होने की अवधि तथा ऐसी परिस्थितियों में वैकल्पिक व्यवस्था समेत विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। टीम ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर जमीनी समस्याओं को समझा और संभावित समाधान को लेकर समीक्षा की।

सुपरवीजन में यूनिसेफ के वाटर क्वालिटी एक्सपर्ट डॉ. अटल शुक्ला एवं डॉ. प्रभाकर सिन्हा के साथ आगा खान ग्राम समर्थन कार्यक्रम (भारत) की मुजफ्फरपुर टीम से जयप्रकाश कुमार, अभिजीत कुमार, सकरा से आबिद रजा व इकबाल शेख तथा बंदरा से अनमोल कुमार, अवधेश कुमार और सुनेहा कुमारी मौजूद रहीं।
टीम ने बाढ़ के दौरान नल-जल योजना की कार्यक्षमता और ग्रामीणों तक सुरक्षित पेयजल पहुंचाने की चुनौतियों को समझने के लिए स्थल निरीक्षण किया। साथ ही जलापूर्ति व्यवस्था को आपदा की स्थिति में अधिक प्रभावी और टिकाऊ बनाने के लिए आवश्यक उपायों पर भी जानकारी साझा की गई।
सुपरवीजन का मुख्य उद्देश्य बाढ़ जैसी आपदा के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित पेयजल की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा नल-जल योजना को जलवायु के अनुकूल और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में जमीनी स्थिति का आकलन करना रहा।












