-चलती यात्री बस में लगी भीषण आग, 35 यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया
मुजफ्फरपुर। देर रात मोतिहारी से मुजफ्फरपुर आ रही एक यात्री बस में अचानक आग लगने से बरजी ओवरब्रिज पर अफरा-तफरी मच गई। घटना रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। आग लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को तत्काल रोक दिया, जिससे उसमें सवार यात्रियों को बाहर निकलने का मौका मिल गया।
जानकारी के अनुसार, यात्री बस मोतिहारी से मुजफ्फरपुर की ओर आ रही थी। जैसे ही बस एएन-27 के बरजी ओवरब्रिज पर पहुंची, उसमें अचानक आग की लपटें उठने लगीं। आग देखते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और सभी तेजी से बस से बाहर निकलने लगे। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और बस धू-धूकर जलने लगी।
घटना की सूचना अग्निशमन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही अमृता कुमारी के नेतृत्व में अग्निशमन टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। टीम ने बस में सवार सभी 35 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

आग इतनी भीषण थी कि बस पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। चालक की तत्परता और समय रहते यात्रियों के बस से बाहर निकल जाने के कारण बड़ा हादसा टल गया।
प्रारंभिक जानकारी में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि आग के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना के बाद बरजी ओवरब्रिज पर कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।












