Advertisement

शहीद खुदीराम बोस के 118वें शहादत दिवस पर आरवाईए ने किया माल्यार्पण, अधूरे सपनों को पूरा करने का लिया संकल्प

-शहीद खुदीराम बोस के 118वें शहादत दिवस पर आरवाईए ने किया माल्यार्पण, अधूरे सपनों को पूरा करने का लिया संकल्प

पूसा/समस्तीपुर, 11 अगस्त 2026। महान क्रांतिकारी शहीद खुदीराम बोस के 118वें शहादत दिवस के अवसर पर इंकलाबी नौजवान सभा (आरवाईए) के बैनर तले वैनी-पूसा रोड बाजार स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता आरवाईए प्रखंड सचिव डॉ. मुकेश कुमार ने की। इस दौरान मौजूद नौजवानों ने शहीद खुदीराम बोस की संघर्षशील विरासत को आगे बढ़ाने और छात्र-युवा अधिकारों की लड़ाई को तेज करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आरवाईए जिला सचिव रौशन कुमार ने कहा कि खुदीराम बोस ने महज 18 वर्ष की उम्र में देश की आजादी के लिए हंसते-हंसते फांसी के फंदे को चूम लिया था। उनकी शहादत आज भी देश के नौजवानों को साहस, त्याग और संघर्ष की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में छात्र और युवा बेरोजगारी, महंगी शिक्षा, पेपर लीक, परीक्षा व्यवस्था में अनियमितता, फीस वृद्धि और लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमले जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं।


रौशन कुमार ने कहा कि शहीदों की विरासत को आगे बढ़ाने का अर्थ इन सवालों के खिलाफ संगठित संघर्ष को मजबूत करना है। शिक्षा, रोजगार, समानता, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करके ही शहीदों के सपनों का भारत बनाया जा सकता है। उन्होंने आइसा-आरवाईए की ओर से 20 अगस्त 2026 को ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा में आयोजित होने वाले छात्र-युवा संसद को ऐतिहासिक बनाने की अपील की।
भाकपा-माले प्रखंड सचिव अमित कुमार ने कहा कि खुदीराम बोस की शहादत अन्याय और दमन के खिलाफ संघर्ष की प्रेरणा देती है। आज की पीढ़ी को उनकी संघर्षशील विरासत से प्रेरणा लेते हुए शिक्षा, रोजगार, समानता और लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए संघर्ष को आगे बढ़ाना होगा। उन्होंने पूसा समेत पूरे समस्तीपुर के छात्र-युवाओं से 20 अगस्त को दरभंगा पहुंचकर छात्र-युवा संसद को सफल बनाने और शिक्षा, रोजगार व लोकतांत्रिक अधिकारों की लड़ाई को नई ताकत देने की अपील की।
कार्यक्रम में आरवाईए जिला सचिव रौशन कुमार, भाकपा-माले प्रखंड सचिव अमित कुमार, मो. आले, आरवाईए नेता सुबोध कुमार गुप्ता, सूरज शाह, बिजली कुमार, मनोज पासवान, रामदेव शाह, लाल बाबू साह, अर्जुन कुमार, गणेश कुमार, मनदीप कुमार, राजीव कुमार, नयन कुमार सहित दर्जनों नौजवान मौजूद रहे।