-चार दिनों से जले ट्रांसफार्मर पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, प्रतिरोध मार्च निकाल बिजली बहाल करने की मांग
-24 घंटे में ट्रांसफार्मर, जर्जर तार और पोल नहीं बदले गए तो 11 अगस्त से होगा महाधरना
पूसा, 05 अगस्त 2026। समस्तीपुर जिले के पूसा प्रखंड की ठहरा पंचायत के वार्ड संख्या-09 में पिछले चार दिनों से जले ट्रांसफार्मर के कारण ठप विद्युत आपूर्ति को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश बुधवार को सड़क पर दिखाई दिया। शहीद ए आजम भगत सिंह अंबेडकर विचार मंच की पंचायत समिति ठहरा के बैनर तले सैकड़ों ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने किसान नेता ब्रज किशोर राय के नेतृत्व में प्रतिरोध मार्च निकाला।
प्रतिरोध मार्च जले हुए ट्रांसफार्मर स्थल से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए गोपालपुर चौक के समीप मुख्य सड़क किनारे पहुंचा, जहां सभा आयोजित की गई। प्रदर्शनकारियों ने जले ट्रांसफार्मर को तत्काल बदलने, जर्जर बिजली तार और पोल की मरम्मत तथा शीघ्र विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की।

सभा को संबोधित करते हुए शहीद ए आजम भगत सिंह अंबेडकर विचार मंच के जिला संयोजक कॉमरेड राम कुमार ने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद चार दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित रहने और जले ट्रांसफार्मर व जर्जर तार-पोल को नहीं बदलना प्रशासन और विद्युत विभाग की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अगले 24 घंटे के भीतर विद्युत विभाग द्वारा ट्रांसफार्मर बदलकर सभी घरों में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई, तो संगठन 11 अगस्त 2026 से पूसा रोड स्थित खुदीराम बोस प्रतिमा स्थल परिसर में महाधरना शुरू करेगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
सभा को मजदूर नेता मुंशी लाल राय, कृष्ण कुमार, ठहरा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि अमित राय, पूर्व पूसा उपप्रमुख राम पुकार महतो, पूर्व ठहरा पंचायत मुखिया प्रतिनिधि अमरनाथ मिश्र, विपिन कुमार मिश्र, उमेश चौधरी, बिनोद राय सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया। सभी ने एक स्वर में विद्युत विभाग से तत्काल समस्या का समाधान करने की मांग की।












