Advertisement

बिहार में जनता की सरकार, जनसेवा और विकास सर्वोच्च प्राथमिकता : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

-बिहार में जनता की सरकार, जनसेवा और विकास सर्वोच्च प्राथमिकता : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

पटना, 2 अगस्त। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में किसी व्यक्ति या गठबंधन की नहीं, बल्कि जनता की सरकार है और सरकार का हर दिन जनता की सेवा तथा राज्य के विकास के लिए समर्पित है। उन्होंने घोषणा की कि 31 मार्च 2027 तक एक करोड़ बीपीएल परिवारों को राशन कार्ड उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि 25 लाख परिवारों के घरों की छत पर सोलर सिस्टम लगाया जाएगा।
श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में अखिल भारतीय कानू हलवाई विचार मंच, बिहार एवं वंशी चाचा सामाजिक विकास परिषद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के 1.70 करोड़ घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जा रही है। जो परिवार 125 यूनिट तक ही बिजली की खपत करेंगे, उन्हें सरकार की ओर से बधाई पत्र भी भेजा जाएगा।


मुख्यमंत्री ने कहा कि मुजफ्फरपुर में शहीद जुब्बा साहनी के नाम पर आर्किटेक्चर एवं सिविल इंजीनियरिंग विश्वविद्यालय स्थापित किया जा रहा है। साथ ही राज्य में 211 नए डिग्री कॉलेजों में पढ़ाई शुरू कराई गई है और जल्द ही नियमित शिक्षण कार्य शुरू होगा। इसके लिए संविदा पर 3,000 प्रोफेसरों की नियुक्ति की जा रही है।
उन्होंने बताया कि सहयोग पोर्टल पर अब तक 5.83 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 5.33 लाख का निष्पादन किया जा चुका है। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ नोटिस जारी कर जवाबदेही तय की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने पलवैया धाम के समग्र विकास के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने, बेहतर सड़क संपर्क विकसित करने तथा अगले पांच वर्षों में मरीन ड्राइव के माध्यम से धाम को जोड़ने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि गरीबों और कमजोर वर्गों की जमीन पर अवैध कब्जा हटाकर उन्हें उनकी भूमि वापस दिलाई जाएगी और अतिपिछड़ा समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2005 के बाद बिहार में विकास की नई धारा शुरू हुई है और सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत हर महीने 1.12 करोड़ लाभार्थियों के खातों में सीधे पेंशन की राशि भेजी जा रही है।
समारोह को पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में आयोजकों ने मुख्यमंत्री का अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह और पुष्पमालाओं से सम्मान किया। इस अवसर पर कई मंत्री, सांसद, विधायक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।