Advertisement

दोहरे हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा, प्रेम प्रसंग में महिला और 6 वर्षीय बेटे की हत्या; मुख्य आरोपी फरार

-दोहरे हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा, प्रेम प्रसंग में महिला और 6 वर्षीय बेटे की हत्या; मुख्य आरोपी फरार

मुजफ्फरपुर। जिले के कांटी थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद में एक महिला और उसके छह वर्षीय मासूम बेटे की हत्या किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पांच दिन पहले एनटीपीसी प्लांट के पीछे झाड़ियों से महिला का शव मिलने के बाद शुरू हुई पुलिस जांच में दोहरे हत्याकांड का खुलासा हुआ है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी के पिता को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी समेत अन्य नामजद आरोपी अब भी फरार हैं।
मृतका की पहचान नरसंडा गांव निवासी मंजू कुमारी के रूप में हुई है। पांच दिन पहले उनका शव एनटीपीसी के पीछे झाड़ियों से बरामद हुआ था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजा और एसडीपीओ (पश्चिमी) सुचित्रा कुमारी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की।
पुलिस जांच में सामने आया कि मंजू कुमारी का पड़ोसी गांव विशुनपुर सुमेर निवासी विकास पासवान के साथ पहले प्रेम संबंध था। बाद में मंजू की शादी हो गई और वह अपने परिवार के साथ रहने लगी। पुलिस के अनुसार, शादी के बाद भी आरोपी इस रिश्ते को स्वीकार नहीं कर पाया और इसी रंजिश में उसने कथित तौर पर अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।


जांच के अनुसार, विकास पासवान ने मंजू कुमारी को मिलने के बहाने बुलाया, जहां उनकी हत्या कर शव को एनटीपीसी के पीछे झाड़ियों में फेंक दिया गया। घटना के बाद महिला का छह वर्षीय बेटा आर्यन भी लापता हो गया था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। शनिवार देर शाम आर्यन का शव भी बरामद कर लिया गया, जिसके बाद मामला दोहरे हत्याकांड में बदल गया।
पीड़ित परिवार के बयान पर छह लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विकास पासवान के पिता हरी पासवान को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि मुख्य आरोपी विकास पासवान और उसके अन्य सहयोगी अभी भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
एसडीपीओ (पश्चिमी) सुचित्रा कुमारी ने बताया कि महिला की हत्या की जांच के दौरान पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ। लापता बच्चे की तलाश के दौरान उसका शव भी बरामद किया गया है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले की हर पहलू से जांच जारी है।
इस दोहरे हत्याकांड से पूरे कांटी क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मां और मासूम बेटे की हत्या की घटना ने स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस का कहना है कि फरार सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।