-15 दिनों से ठप नल-जल योजना, खाली बर्तन लेकर सड़क पर उतरे लोग
जहानाबाद। जिले के निजामुद्दीनपुर वार्ड संख्या-8 में पिछले 15 दिनों से नल-जल योजना के तहत पानी की आपूर्ति पूरी तरह बंद रहने से लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। गंभीर जल संकट से परेशान स्थानीय निवासियों, विशेषकर महिलाओं ने खाली बर्तन लेकर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि पिछले दो सप्ताह से नलों में पानी नहीं आ रहा है, जिससे पीने के पानी के लिए उन्हें दूर-दराज के इलाकों में भटकना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि वार्ड पार्षद और नगर परिषद के अधिकारियों से कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इलाके में वैकल्पिक जलापूर्ति की भी कोई व्यवस्था नहीं है। न तो पानी के टैंकर भेजे गए हैं और न ही चापाकल जैसी कोई आपातकालीन सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।












