Advertisement

नेपाल के जनकपुरधाम में कांवरिया की मौत के बाद हिंसक प्रदर्शन, अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लागू

-नेपाल के जनकपुरधाम में कांवरिया की मौत के बाद हिंसक प्रदर्शन, अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लागू

जनकपुरधाम | मिश्री लाल मधुकर
नेपाल के जनकपुरधाम में कांवरिया जत्थे पर हुए हमले और एक कांवरिया की मौत के बाद पूरे मधेश क्षेत्र में तनाव गहरा गया है। रविवार देर रात हुई हिंसा के विरोध में गुरुवार को जनकपुरधाम सहित कई शहरों में व्यापक प्रदर्शन हुए। स्थिति बिगड़ने पर जिला प्रशासन ने जनकपुरधाम नगरपालिका क्षेत्र में दोपहर तीन बजे से अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लागू कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार की मध्यरात्रि कांवरिया जत्थे पर कथित रूप से पत्थरबाजी के बाद हिंसा भड़क गई। इस दौरान हुई गोलीबारी में जय प्रकाश मेहता (24) की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक कांवरिया गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के विरोध में हिंदू सम्राट सेना, नेपाल हिंदू स्वयं सेवक संघ, विश्व हिंदू परिषद, साधु-संतों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने जनकपुरधाम में विरोध मार्च निकाला। जानकी चौक, राम चौक, जनक चौक, रामानंद चौक, मिल्स एरिया और पिड़ारी चौक समेत कई इलाकों में प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाकर विरोध जताया तथा प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के पुतले फूंके।


प्रदर्शन के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने नेपाल को हिंदू राष्ट्र घोषित करने, मुस्लिम आयोग को भंग करने और रोहिंग्या व बांग्लादेशी घुसपैठियों को नेपाल से बाहर निकालने जैसी मांगों के समर्थन में नारे लगाए।
बढ़ते तनाव को देखते हुए जिला प्रशासन और सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए कई स्थानों पर बल प्रयोग किया तथा आंसू गैस के गोले दागे। प्रशासन के अनुसार, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जनकपुरधाम में सेना की भी तैनाती की गई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, जनकपुरधाम के दशरथ नगर क्षेत्र में एक अन्य हिंसक घटना में तीन लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों का इलाज प्रादेशिक अस्पताल में चल रहा है।
हिंसा का असर पूरे मधेश क्षेत्र में देखा जा रहा है। पूर्व-पश्चिम राजमार्ग पहले से ही बंद है, जबकि जनकपुरधाम से जटही, भिट्ठा मोड़, सम्सी और सीमावर्ती क्षेत्रों के लिए बस सेवाएं भी रोक दी गई हैं।
इधर, सिरहा में प्रदर्शन के दौरान पुलिस की गोली लगने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रदर्शनकारियों ने एक व्यावसायिक प्रतिष्ठान में आग लगा दी। इसके अलावा लहान, गोल बाजार, वीरगंज, इनरवा, विराटनगर और चंद्रनिगाहपुर सहित मधेश के कई शहरों में भी विरोध प्रदर्शन जारी है।