Advertisement

बिहार में 6 हजार करोड़ रुपये की बड़ी इस्पात परियोजना, गया में बनेगा इंटीग्रेटेड स्टील प्लांट

-बिहार में 6 हजार करोड़ रुपये की बड़ी इस्पात परियोजना, गया में बनेगा इंटीग्रेटेड स्टील प्लांट

पटना, 30 जुलाई। बिहार के औद्योगिक विकास को नई गति देने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मौजूदगी में गुरुवार को उद्योग विभाग और महाशक्ति ग्रुप के बीच गया जिले में लगभग 6 हजार करोड़ रुपये की लागत से बड़े एकीकृत इस्पात (Large Integrated Steel Project) संयंत्र की स्थापना के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।
लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में आयोजित कार्यक्रम में एमओयू का आदान-प्रदान किया गया। प्रस्तावित परियोजना की इस्पात उत्पादन क्षमता 1.0 से 1.5 मिलियन टन प्रति वर्ष (MTPA) होगी।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने के लिए लगातार काम कर रही है। निवेशकों को बेहतर आधारभूत संरचना, पारदर्शी नीतियां और त्वरित प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसके परिणामस्वरूप राज्य में बड़े निवेश आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि गया में इस परियोजना के शुरू होने से स्थानीय स्तर पर बड़ी संख्या में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इसके साथ ही सहायक एवं लघु उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।


मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि बिहार इंडस्ट्रियल एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (BIADA), उद्योग विभाग और महाशक्ति ग्रुप के समन्वित प्रयासों से यह परियोजना निर्धारित समय सीमा में आगे बढ़ेगी और बिहार के औद्योगिक विकास के नए अध्याय की शुरुआत करेगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, उद्योग विभाग के निदेशक मुकुल कुमार गुप्ता सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और महाशक्ति ग्रुप के अनमोल लोढ़ा, विष्णु नाथ तथा अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।
इस परियोजना को बिहार में औद्योगिक निवेश बढ़ाने और राज्य को देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।