-बिहार में आधुनिक सार्वजनिक परिवहन की शुरुआत, मुख्यमंत्री ने इलेक्ट्रिक और नई डीलक्स बसों को दिखाई हरी झंडी
पटना, 25 जुलाई 2026:दीपक कुमार तिवारी। बिहार में आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत इलेक्ट्रिक बसों और बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) की नई डीलक्स बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पटना के वेटनरी कॉलेज ग्राउंड में आयोजित समारोह में इस नई परिवहन सेवा का शुभारंभ किया गया।
प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के अंतर्गत बिहार को कुल 400 इलेक्ट्रिक बसों की स्वीकृति मिली है। इनमें 200 बसें 12 मीटर और 200 बसें 9 मीटर श्रेणी की होंगी। प्रथम चरण में पहली इलेक्ट्रिक बस का लोकार्पण किया गया। इन बसों का संचालन पटना, मुजफ्फरपुर, गया, भागलपुर, दरभंगा और पूर्णिया जैसे प्रमुख शहरों में किया जाएगा, जिससे वायु प्रदूषण में कमी आएगी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।

इसके साथ ही बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के 149 नई डीलक्स बसों के बेड़े में से 3 एसी और 73 नॉन-एसी बसों का भी शुभारंभ किया गया। इन बसों में आधुनिक तकनीक आधारित सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और विश्वसनीय यात्रा का अनुभव मिलेगा।
नई डीलक्स बसों का परिचालन बिहार से दिल्ली, उत्तर प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल और हरियाणा सहित विभिन्न महत्वपूर्ण अंतरराज्यीय मार्गों पर किया जाएगा। सरकार का कहना है कि इससे निगम की सेवाओं का विस्तार होगा और यात्रियों को निजी वाहनों के मुकाबले सुरक्षित, किफायती एवं बेहतर सार्वजनिक परिवहन का विकल्प मिलेगा।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, परिवहन मंत्री दामोदर रावत, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, परिवहन विभाग के सचिव राज कुमार, बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के प्रशासक अतुल कुमार वर्मा सहित परिवहन विभाग एवं बीएसआरटीसी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।












