-मुजफ्फरपुर में महिला से जबरदस्ती का विरोध करना पड़ा भारी, पान दुकानदार को मारी गोली
मुजफ्फरपुर। जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक बार फिर बेखौफ होकर गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया। जगजीवन चौक के पास देर शाम कार सवार बदमाशों ने एक पान दुकानदार को गोली मार दी। बताया जा रहा है कि दुकानदार ने एक महिला को जबरन कार में बैठाने का विरोध किया था, जिसके बाद बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी।
जानकारी के अनुसार, मोतीपुर थाना क्षेत्र के जगजीवन चौक के पास एक महिला सड़क से गुजर रही थी। इसी दौरान कुछ युवक कार से पहुंचे और कथित तौर पर महिला को जबरन वाहन में बैठाने का प्रयास करने लगे। महिला के विरोध के बीच पास में मौजूद पान दुकानदार राजेश शाह ने हस्तक्षेप करते हुए बदमाशों से जबरदस्ती नहीं करने की बात कही।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुकानदार का विरोध अपराधियों को नागवार गुजरा। गुस्साए बदमाशों ने राजेश शाह पर गोली चला दी। गोली उनके कंधे में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी कार से मौके से फरार हो गए।

गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर मोतीपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल राजेश शाह को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि कार सवार आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वह महिला कौन थी, जिसे कथित तौर पर जबरन कार में बैठाने का प्रयास किया जा रहा था।
डीएसपी वेस्ट-1 सुचित्रा कुमारी ने बताया कि देर रात जगजीवन चौक के पास पान दुकानदार को गोली मारे जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भेजा गया। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है तथा जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।












