-बिहार के हर पंचायत में होगी खेल प्रतिभाओं की खोज, मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को नौकरी और छात्रवृत्ति: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी
पटना, 24 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि बिहार सरकार राज्य के हर पंचायत में विशेष अभियान चलाकर खेल प्रतिभाओं की पहचान करेगी और उन्हें विश्वस्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराएगी, ताकि बिहार के खिलाड़ी ओलंपिक, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स, विश्व कप और आईपीएल जैसे बड़े मंचों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।
शुक्रवार को पटना के राजवंशीनगर स्थित ऊर्जा ऑडिटोरियम में खेल विभाग द्वारा आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ योजना’ के तहत अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर आकाश दीप और मुकेश कुमार समेत कुल 19 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस दौरान विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत चयनित खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी देकर राज्य सरकार ने यह संदेश दिया है कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को सम्मान और सुरक्षित भविष्य दोनों मिलेगा। उन्होंने बताया कि बिहार में पहली बार किसी खिलाड़ी को डीएसपी जैसे उच्च पद पर नियुक्ति दी गई है, जिससे युवाओं का मनोबल बढ़ेगा।

उन्होंने घोषणा की कि 15 सितंबर से पंचायत स्तर पर खेल प्रतिभा खोज अभियान शुरू किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले दो वर्षों में राज्य सरकार ने 5,000 खेल मैदानों का निर्माण पूरा किया है, जिससे गांव-गांव में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।
मोइनुल हक स्टेडियम बनेगा विश्वस्तरीय
मुख्यमंत्री ने कहा कि पटना स्थित मोइनुल हक स्टेडियम का विश्वस्तरीय पुनर्विकास किया जा रहा है और इसके संचालन की जिम्मेदारी बीसीसीआई को सौंपी गई है। करीब 40 हजार दर्शकों की क्षमता वाला यह स्टेडियम भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी करेगा।
उन्होंने कहा कि नालंदा में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की स्थापना और बिहार में तीन विश्व कप स्तर की प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन से राज्य की खेल पहचान मजबूत हुई है। अब लक्ष्य राष्ट्रीय खेलों में बिहार को नंबर-1 राज्य बनाना है।
खिलाड़ियों को करोड़ों की छात्रवृत्ति और सम्मान
समारोह में मुख्यमंत्री ने एथलीट सेतु मिश्रा को एशियाई अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण और रजत पदक जीतने पर 37.50 लाख रुपये, विभास्कर कुमार को 2 लाख रुपये तथा शतरंज खिलाड़ी मरियम फातिमा को कॉमनवेल्थ यूथ शतरंज चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने पर 9 लाख रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया।
बिहार खेल छात्रवृत्ति योजना-2026 के तहत इस वर्ष 637 खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति दी जाएगी। इनमें उत्कर्ष योजना के तहत 20 लाख रुपये प्रतिवर्ष, सक्षम योजना के तहत 5 लाख रुपये प्रतिवर्ष तथा प्रेरणा योजना के तहत 3 लाख रुपये प्रतिवर्ष की सहायता मिलेगी।
समारोह को उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, खेल विभाग के सचिव दीपक आनंद और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविंद्रन शंकरण ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में कई वरिष्ठ अधिकारी, खिलाड़ी और खेल विभाग के पदाधिकारी मौजूद रहे।












