Advertisement

-‘सेक्सटॉर्शन’ का शिकार हुआ अधेड़, अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ठगे ₹2 लाख

-‘सेक्सटॉर्शन’ का शिकार हुआ अधेड़, अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ठगे ₹2 लाख

मुजफ्फरपुर। जिले में साइबर अपराधियों ने एक अधेड़ व्यक्ति को ‘सेक्सटॉर्शन’ का शिकार बनाकर दो लाख रुपये से अधिक की ठगी कर ली। सरैया थाना क्षेत्र के रहने वाले पीड़ित को अश्लील वीडियो वायरल करने और फेसबुक पर लाइव करने की धमकी देकर अपराधियों ने नौ बार में 2,00,218 रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए। मामले में पीड़ित ने साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
प्राथमिकी के अनुसार, घटना 19 अप्रैल की रात करीब 10:30 बजे की है। पीड़ित के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से वीडियो कॉल आई। कॉल रिसीव करते ही दूसरी ओर से अश्लील हरकतें की जाने लगीं। पीड़ित ने तुरंत कॉल काट दिया, लेकिन तब तक साइबर ठगों ने स्क्रीन रिकॉर्डिंग और स्क्रीनशॉट लेकर उनके चेहरे को अश्लील वीडियो के साथ एडिट कर फर्जी वीडियो तैयार कर लिया।
अगली सुबह अपराधियों ने कथित तौर पर वह एडिटेड वीडियो पीड़ित के फेसबुक अकाउंट पर अपलोड कर दिया। इसके बाद फोन कर धमकी दी गई कि यदि दो लाख रुपये नहीं दिए गए तो वीडियो को फेसबुक पर लाइव करने के साथ ही रिश्तेदारों और परिचितों के बीच वायरल कर दिया जाएगा।


लोक-लाज और बदनामी के डर से पीड़ित घबरा गए और आरोपियों के बताए गए यूपीआई खातों में नौ अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 2,00,218 रुपये भेज दिए। इसके बावजूद जब अपराधी लगातार और पैसे की मांग करते रहे, तब उन्हें ठगी का अहसास हुआ।
इसके बाद पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और साइबर थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया। मामले में डीएसपी सह साइबर थानाध्यक्ष हिमांशु कुमार के निर्देश पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारी शहूद अख्तर अंसारी को मामले का अनुसंधानकर्ता बनाया गया है।
साइबर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान वीडियो कॉल को रिसीव करने से बचें। यदि इस तरह की ब्लैकमेलिंग या ‘सेक्सटॉर्शन’ का शिकार हों तो घबराकर पैसे न भेजें, बल्कि तुरंत 1930 हेल्पलाइन या नजदीकी साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराएं।