Advertisement

मुख्यमंत्री ने मुजफ्फरपुर सदर अस्पताल में 10 बेड ICU का किया शुभारंभ

-मुख्यमंत्री ने मुजफ्फरपुर सदर अस्पताल में 10 बेड ICU का किया शुभारंभ

-स्वास्थ्य सेवाओं को मिली नई मजबूती

मुजफ्फरपुर।बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना सिटी स्थित गुरु गोविंद सिंह अस्पताल से वर्चुअल माध्यम से मुजफ्फरपुर सदर अस्पताल में 10 बेड के अत्याधुनिक वेंटिलेटर युक्त आईसीयू (ICU) का शुभारंभ किया। इसके साथ ही राज्यभर में निःशुल्क पैथोलॉजी सेवाओं के विस्तार तथा 25 अनुमंडलीय अस्पतालों में निःशुल्क डायलिसिस सेवा की भी शुरुआत की गई।
मुजफ्फरपुर में इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा की शुरुआत जिलाधिकारी कुमार गौरव के मार्गदर्शन एवं जिला प्रशासन के समन्वय से हुई। इस पहल का उद्देश्य जिले के मरीजों को बेहतर और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि गंभीर मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण इलाज मिल सके।


नए 10 बेड वेंटिलेटर युक्त आईसीयू के शुरू होने से सदर अस्पताल की आपातकालीन चिकित्सा क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। वहीं, निःशुल्क पैथोलॉजी सेवाओं के विस्तार और डायलिसिस सुविधा शुरू होने से आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।
जिला प्रशासन ने विश्वास जताया कि बिहार सरकार और स्वास्थ्य विभाग की यह जनकल्याणकारी पहल आम लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में मील का पत्थर साबित होगी। इस अवसर पर बिहार सरकार एवं स्वास्थ्य विभाग की इस महत्वपूर्ण पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में बड़ा कदम बताया गया।