-बिहार में उच्च शिक्षा को बड़ी सौगात: 211 नए डिग्री कॉलेजों में पढ़ाई शुरू, भागलपुर में बनेगा एआई एवं कंप्यूटर साइंस विश्वविद्यालय
पटना/भागलपुर। दीपक कुमार तिवारी। बिहार में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बुधवार को बड़ा कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भागलपुर के गोराडीह स्थित नवस्थापित राजकीय डिग्री कॉलेज परिसर से राज्य के 211 नए डिग्री कॉलेजों में पठन-पाठन कार्य का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने इसे राज्य के हर प्रखंड तक उच्च शिक्षा पहुंचाने की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रत्येक प्रखंड के विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने घोषणा की कि भागलपुर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एवं कंप्यूटर साइंस विश्वविद्यालय तथा मुजफ्फरपुर में आर्किटेक्चर एवं सिविल इंजीनियरिंग विश्वविद्यालय की स्थापना की जाएगी। इसके अलावा राज्य में चार नए निजी विश्वविद्यालयों को भी मंजूरी दी गई है।
एक साल में विक्रमशिला विश्वविद्यालय स्थापित करने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्राचीन विक्रमशिला विश्वविद्यालय को आधुनिक स्वरूप में पुनर्स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके लिए करीब 220 एकड़ भूमि हस्तांतरित की जा चुकी है और अगले एक वर्ष के भीतर विश्वविद्यालय की स्थापना का लक्ष्य रखा गया है।
विक्रमशिला सेतु, मरीन ड्राइव और रोप-वे की घोषणा:
मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षतिग्रस्त विक्रमशिला सेतु को 30 नवंबर तक पूरी तरह चालू कर दिया जाएगा। वहीं मुंगेर से भागलपुर तक 83 किलोमीटर लंबी गंगा मरीन ड्राइव का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है, जिसे आगे सबौर से राजमहल सीमा तक विस्तारित किया जाएगा। साथ ही कहलगांव स्थित बटेश्वरधाम मंदिर तक श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रोप-वे का निर्माण भी कराया जाएगा।

400 एकड़ में औद्योगिक क्षेत्र, 70 हजार करोड़ का निवेश:
मुख्यमंत्री ने भागलपुर में लगभग 400 एकड़ में औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की घोषणा करते हुए कहा कि इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा। उन्होंने बताया कि पीरपैंती में 2400 मेगावाट के पावर प्लांट की स्थापना की जा रही है, जिसकी क्षमता 1600 मेगावाट और बढ़ाई जाएगी। इस परियोजना में करीब 70 हजार करोड़ रुपये का निवेश होगा।
अपराध और स्वास्थ्य व्यवस्था पर सख्त संदेश:
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि अपराधी या तो जेल जाएंगे या बिहार छोड़ेंगे। अपराधियों को जल्द सजा दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित किए जाएंगे तथा साइबर अपराध पर भी सख्ती से कार्रवाई होगी।
उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि 15 अगस्त से सरकारी डॉक्टर बिना उचित कारण मरीजों को निजी अस्पतालों में रेफर नहीं कर सकेंगे। अनावश्यक रेफर करने वाले डॉक्टरों पर कार्रवाई की जाएगी।
लाभुकों को प्रमाण-पत्र और योजनाओं का लाभ:
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सांकेतिक चेक और प्रमाण-पत्र वितरित किए तथा विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन भी किया। समारोह में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उच्च शिक्षा एवं विधि मंत्री संजय सिंह टाइगर, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।











