Advertisement

गायघाट को मिली राजकीय डिग्री कॉलेज की सौगात, डीएम कुमार गौरव की मौजूदगी में हुआ शुभारंभ

-गायघाट को मिली राजकीय डिग्री कॉलेज की सौगात, डीएम कुमार गौरव की मौजूदगी में हुआ शुभारंभ

दीपक कुमार / गायघाट
मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट प्रखंड को लंबे इंतजार के बाद राजकीय डिग्री कॉलेज की सौगात मिल गई। प्रखंड के जारंग उच्च विद्यालय परिसर में बुधवार को आयोजित समारोह में राजकीय डिग्री महाविद्यालय, गायघाट का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी कुमार गौरव समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रिमोट के माध्यम से किया। उद्घाटन के साथ ही गायघाट में उच्च शिक्षा के नए अध्याय की शुरुआत मानी जा रही है। समारोह में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक और स्थानीय लोग शामिल हुए।


इस मौके पर क्षेत्रीय विधायक कोमल सिंह ने कहा कि गायघाट की जनता से किया गया डिग्री कॉलेज का वादा आज पूरा हो गया है। उन्होंने कहा कि सरकार के सहयोग और लगातार किए गए प्रयासों से यह सपना साकार हुआ है। उनके अनुसार, यह महाविद्यालय क्षेत्र के युवाओं को बेहतर उच्च शिक्षा उपलब्ध कराएगा और उन्हें अपने ही क्षेत्र में पढ़ाई का अवसर मिलेगा।
विधायक ने बताया कि छात्राओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पिंक बस सेवा की भी व्यवस्था की गई है, जिससे उन्हें सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह महाविद्यालय क्षेत्र में शैक्षणिक क्रांति की नींव रखेगा और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य का आधार बनेगा।
कार्यक्रम में विधान पार्षद दिनेश प्रसाद सिंह, जिलाधिकारी कुमार गौरव, शिक्षा विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। समारोह के दौरान कॉलेज की स्थापना को गायघाट के शैक्षणिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया।