-बारिश के बाद साहेबगंज के दो रेलवे अंडरपास बने तालाब, 20 गांवों का संपर्क प्रभावित, लोगों में आक्रोश
मुजफ्फरपुर।साहेबगंज नगर परिषद साहेबगंज के वार्ड संख्या 20 स्थित बैद्यनाथपुर चौक के समीप बंगरा घाट पुल जाने वाले मार्ग पर बने रेलवे अंडरपास (आरयूबी-170) तथा शिवालय मंदिर जाने वाले मार्ग पर स्थित आरयूबी-169 में जलजमाव की गंभीर समस्या एक बार फिर सामने आई है। बीती रात हुई बारिश के बाद दोनों अंडरपास पूरी तरह पानी से भर गए, जिससे आवागमन बुरी तरह बाधित हो गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इन दोनों मार्गों से प्रतिदिन कई सरकारी एवं निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, बाइक सवार और पैदल यात्री गुजरते हैं। जलजमाव के कारण लोगों को जान जोखिम में डालकर रास्ता पार करना पड़ रहा है। वहीं करीब 20 से अधिक गांवों के लोगों का आवागमन भी प्रभावित हो गया है।

ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या की शिकायत कई बार रेलवे विभाग, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से की गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। लोगों का कहना है कि संबंधित रेलवे के जूनियर इंजीनियर (जेई) न तो फोन उठाते हैं और न ही शिकायतों का जवाब देते हैं। इस मुद्दे को लेकर पहले भी कई बार सड़क जाम और विरोध प्रदर्शन किया गया, लेकिन हर बार केवल आश्वासन देकर मामला शांत करा दिया गया।
नगर परिषद साहेबगंज के कार्यपालक पदाधिकारी मो. फिरोज ने बताया कि यह मामला रेलवे विभाग से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद की ओर से कई बार रेलवे विभाग को पत्र भेजा गया है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
दूसरी ओर स्थानीय लोगों का आरोप है कि रेलवे विभाग, अंचल प्रशासन और अन्य संबंधित अधिकारी इस गंभीर समस्या के समाधान को लेकर उदासीन बने हुए हैं। लगातार जलजमाव से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।












