Advertisement

रजिस्ट्री कार्यालय में e-KYC सर्वर फेल, घंटों ठप रही जमीन रजिस्ट्री

-रजिस्ट्री कार्यालय में e-KYC सर्वर फेल, घंटों ठप रही जमीन रजिस्ट्री

-ऑफलाइन व्यवस्था से शुरू हुआ काम

मुजफ्फरपुर। जिला निबंधन कार्यालय में सोमवार को आधार लिंक ई-केवाईसी (e-KYC) सिस्टम में तकनीकी खराबी आने से जमीन रजिस्ट्री का कार्य कई घंटों तक पूरी तरह ठप रहा। सर्वर फेल होने के कारण रजिस्ट्री कराने पहुंचे क्रेता, विक्रेता, गवाह और पहचानकर्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुबह से ही कार्यालय परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई और काम बाधित रहने से नाराजगी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, आधार लिंक ई-केवाईसी सर्वर डाउन होने से सत्यापन प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही थी। इसके चलते दोपहर तक एक भी जमीन की रजिस्ट्री नहीं हो सकी। दूर-दराज से पहुंचे लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा, जिससे कई लोगों ने अपनी नाराजगी भी जताई और जल्द व्यवस्था बहाल करने की मांग की।


स्थिति को देखते हुए जिला अवर निबंधक मनीष कुमार ने तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था लागू कराई। उन्होंने ई-केवाईसी के स्थान पर विशेष ऑफलाइन सत्यापन फॉर्म उपलब्ध कराया, जिसके माध्यम से आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर रजिस्ट्री की प्रक्रिया दोबारा शुरू कराई गई।
जिला अवर निबंधक मनीष कुमार ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण आधार लिंक ई-केवाईसी सिस्टम काम नहीं कर रहा था। आम लोगों को असुविधा से बचाने के लिए ऑफलाइन सत्यापन की व्यवस्था की गई, जिसके बाद जमीन रजिस्ट्री का कार्य फिर से शुरू कर दिया गया।
हालांकि, कुछ घंटों तक काम ठप रहने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। कई आवेदकों ने मांग की कि भविष्य में ऐसी तकनीकी समस्याओं से बचने के लिए स्थायी वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आम लोगों का समय और पैसा दोनों बर्बाद न हो।