-213 करोड़ की मरीन ड्राइव पर दूसरे ही दिन दिखी अव्यवस्था, लेक फ्रंट परिसर में सूखते मिले कपड़े
मुजफ्फरपुर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा 13 जुलाई को 213 करोड़ रुपये की लागत से विकसित सिकंदरपुर लेक फ्रंट (मरीन ड्राइव) का उद्घाटन किए जाने के महज एक दिन बाद ही परियोजना की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए। मंगलवार को लेक फ्रंट परिसर के कई हिस्सों में कपड़े सुखाए जाते दिखाई दिए, जिससे रखरखाव और निगरानी व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लग गया।
उद्घाटन के दौरान प्रशासन ने सुरक्षा, साफ-सफाई और व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए थे।

हालांकि, अगले ही दिन परिसर का नजारा बदला हुआ दिखा। कई स्थानों पर लोगों ने कपड़े फैला दिए थे, जिससे लेक फ्रंट की सुंदरता प्रभावित होती नजर आई।
सबसे हैरानी की बात यह रही कि “मरीन ड्राइव लेक फ्रंट” के साइनबोर्ड के सामने भी कपड़े सुखाए जाते देखे गए। यह दृश्य सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये की लागत से विकसित इस सार्वजनिक परियोजना की नियमित निगरानी, सुरक्षा और रखरखाव सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि इसकी स्वच्छता, सौंदर्य और पहचान लंबे समय तक बनी रहे। लोगों ने प्रशासन से परिसर में निगरानी बढ़ाने और सार्वजनिक संपत्ति के संरक्षण के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।












