-मुज़फ्फरपुर के निशानेबाज़ स्वराज भारद्वाज ने रचा इतिहास, राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप में जीते दो स्वर्ण पदक
मुज़फ्फरपुर। बिहार के युवा निशानेबाज़ स्वराज भारद्वाज ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए मुज़फ्फरपुर और पूरे बिहार का नाम रोशन किया है। स्वराज शूटिंग अकादमी एंड एजुकेशनल ट्रस्ट के प्रतिभाशाली खिलाड़ी स्वराज भारद्वाज ने 10 से 12 जुलाई 2026 तक उत्तराखंड के देहरादून स्थित त्रिशूल शूटिंग रेंज में आयोजित 7वीं बुल्सआई ओपन शूटिंग चैंपियनशिप–2026 में दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण समारोह 13 जुलाई को आयोजित किया गया।
स्वराज ने 10 मीटर एयर राइफल ISSF जूनियर पुरुष वर्ग और 10 मीटर एयर राइफल ISSF सब-यूथ पुरुष वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

देशभर से आए प्रतिभाशाली निशानेबाज़ों के बीच उन्होंने बेहतरीन तकनीकी कौशल, एकाग्रता और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया।
अकादमी ने इस उपलब्धि को मुज़फ्फरपुर और बिहार के लिए गौरव का क्षण बताया है। संस्थान के अनुसार, स्वराज की सफलता उनके कठिन परिश्रम, अनुशासित अभ्यास और उत्कृष्ट मानसिक तैयारी का परिणाम है। यह उपलब्धि अकादमी की गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण व्यवस्था और खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।
इस सफलता का श्रेय अकादमी के मुख्य कोच एवं प्रशिक्षक अमित घंसेला को भी दिया गया है। उनके मार्गदर्शन, तकनीकी प्रशिक्षण और निरंतर प्रेरणा से अकादमी के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय प्रदर्शन कर रहे हैं।
स्वराज भारद्वाज की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर स्वराज शूटिंग अकादमी एंड एजुकेशनल ट्रस्ट के सदस्य उज्ज्वल कुमार, चंदा कुमारी, ऋषु आर्या, अमर सिंह, रंजन कुमार, धीरेंद्र भारद्वाज, अरिंजय राज सिंह, सूरज कुमार और अनिरुद्ध सिंह ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि स्वराज आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी भारत का नाम रोशन करेंगे।












