-हार्डवेयर व्यवसायी को गोली मारने वाले तीन आरोपी हथियार सहित गिरफ्तार
-ड्रोन तकनीक से मुजफ्फरपुर पुलिस की बड़ी सफलता
मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर जिला पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ आधुनिक तकनीक का प्रभावी इस्तेमाल करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पानापुर करियात थाना क्षेत्र के शेरूकाही चौक पर गुरुवार की शाम हार्डवेयर व्यवसायी सुभाष ठाकुर को गोली मारने की सनसनीखेज वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने ड्रोन तकनीक की मदद से एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पानापुर करियात थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी वेस्ट-1 सुचित्रा कुमारी और ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर भी घटनास्थल पर पहुंचे और तत्काल पूरे इलाके में नाकेबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कराया।
पुलिस जांच में पता चला कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पास के घने जंगल में जाकर छिप गए हैं। रात का अंधेरा और जंगल की घनी झाड़ियां तलाशी अभियान में बड़ी बाधा बन रही थीं। ऐसे में पुलिस ने पारंपरिक तरीके के बजाय अत्याधुनिक ड्रोन तकनीक का सहारा लिया।

ड्रोन कैमरों के जरिए जंगल की थर्मल और विजुअल मॉनिटरिंग की गई, जिससे आरोपियों की सटीक लोकेशन का पता चल सका। इसके बाद पुलिस टीम ने चारों ओर से जंगल की घेराबंदी कर अभियान चलाया और कुछ ही घंटों की मशक्कत के बाद एक महिला समेत तीन आरोपियों को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया गया।
डीएसपी वेस्ट-1 सुचित्रा कुमारी ने बताया कि गोलीबारी की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी गई थी। आरोपी घने जंगल में छिप गए थे, जहां अंधेरा होने के कारण तलाशी अभियान प्रभावित हो रहा था। इसके बाद ड्रोन की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जिसके आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई को मुजफ्फरपुर पुलिस की तकनीकी दक्षता और त्वरित प्रतिक्रिया का बड़ा उदाहरण माना जा रहा है, जिससे गंभीर वारदात के आरोपियों को कुछ ही घंटों में कानून के शिकंजे में लाया जा सका।












