Advertisement

राजापाकर को मिली नई अंचलाधिकारी, निशा यादव ने संभाला पदभार

-राजापाकर को मिली नई अंचलाधिकारी, निशा यादव ने संभाला पदभार

राजापाकर। राजापाकर अंचल कार्यालय में निशा यादव ने नए अंचलाधिकारी (सीओ) के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है। उन्होंने स्थानांतरित अंचलाधिकारी गौरव कुमार का स्थान लिया है।
पदभार ग्रहण करने के बाद निशा यादव ने कहा कि आम जनता के कार्यों का समयबद्ध निष्पादन उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, परिमार्जन या अन्य राजस्व संबंधी किसी भी समस्या के लिए सीधे अंचल कार्यालय आकर संपर्क करें।


उन्होंने स्पष्ट कहा कि दलालों और बिचौलियों के झांसे में न आएं, क्योंकि वे लोगों का आर्थिक शोषण करते हैं और कई बार समय पर काम भी नहीं हो पाता। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कार्यालय में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के कार्यों का नियमानुसार और समय पर निष्पादन किया जाएगा।
निशा यादव इससे पहले जिला बंदोबस्त कार्यालय में बंदोबस्त पदाधिकारी सह कानूनगो के पद पर कार्यरत थीं।
इधर, जिला पदाधिकारी वैशाली के आदेश के अनुसार राजापाकर प्रखंड के सभी राजस्व कर्मचारियों का भी तबादला किया गया है। नए राजस्व कर्मचारियों ने अपने-अपने हलकों में योगदान देकर कार्यभार संभाल लिया है, जिससे राजस्व कार्यों में और अधिक गति आने की उम्मीद जताई जा रही है।