-बलहिया गांव में विवाहिता की संदिग्ध मौत, घर में फंदे से लटका मिला शव; ससुराल पक्ष फरार
मुजफ्फरपुर/बन्दरा।दीपक। पियर थाना क्षेत्र के बलहिया गांव में शुक्रवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। 25 वर्षीय चांदनी देवी का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। घटना के बाद ससुराल पक्ष के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ पूर्वी-2 मनोज कुमार सिंह, पियर थाना पुलिस और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए, जबकि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया।

मृतका की छह वर्षीय बेटी ने पुलिस को बताया कि उसकी मां ने घटना वाले दिन उसके पिता से काम पर नहीं जाने का आग्रह किया था, लेकिन वे काम पर चले गए। उनके जाने के कुछ देर बाद उसकी मां ने फंदे से लटककर अपनी जान दे दी।
एसडीपीओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला फांसी का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही हो सकेगा। उन्होंने कहा कि परिजनों से आवेदन मिलने पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
गांव के मुखिया अब्दुल सत्तार अंसारी ने बताया कि चांदनी देवी की शादी करीब आठ वर्ष पूर्व राहुल कुमार साह से हुई थी। दंपती के दो छोटे बच्चे हैं। समाचार लिखे जाने तक मृतका के मायके पक्ष के लोग घटनास्थल पर नहीं पहुंचे थे, इसलिए उनका पक्ष सामने नहीं आ सका है।
फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पीयर थानाध्यक्ष कुंदन कुमार बताया कि पति-पत्नी के अनबन के बाद पत्नी ने पति को आज काम पर जाने से रोका था।बाबजूद पति मजदूरी करने चला गया,इससे नाराज पत्नी ने फंदे से लटककर आत्म हत्या कर ली।एफएसएल जांच की प्रक्रिया के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल भेज दिया गया है।पीड़ित पक्ष के आवेदन पर अग्रेत्तर कार्यवाई की जाएगी।












