-सावन की तैयारियों को लेकर कांवड़िया सेवा शिविर संघ की बैठक, कार्यकारिणी का गठन
मुजफ्फरपुर, 28 जून। बाबा गरीबनाथ धाम कांवड़िया सेवा शिविर संघ, मुजफ्फरपुर के तत्वावधान में रविवार सुबह 7 बजे शेखर सिनेमा कैंपस में सावन माह की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अमरेंद्र कुमार ‘अमर’ ने की। इसमें विभिन्न कांवड़िया सेवा शिविरों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में त्रिदेव बोल बम सेवा समिति, बालाजी परिवार, ऊं सेवा दल, मां बगलामुखी सेवा समिति, हरिसभा चौक कांवड़िया सेवा समिति, मां गंगा सेवा दल, मां गायत्री सेवा दल, अनमोल सेवा संघ, सीताराम सेवा समिति, युवा बोल बम सेवा समिति, साहू रोड कांवड़िया सेवा संघ, शिव-पार्वती सेवा मंच, भारतीय सेवादल, हिंदुस्तान सेवा मंच सहित सभी सेवा शिविरों के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत कार्यकारिणी के गठन से हुई। सर्वसम्मति से विकास कुमार गुप्ता ‘आदित्य’ को संघ का संयोजक तथा सज्जन कुमार अग्रवाल, अमरेंद्र कुमार ‘अमर’, पवन कुमार गुप्ता एवं ऋषु राजपूत को उपसंयोजक चुना गया।

इसके बाद सावन माह में बाबा गरीबनाथ धाम आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में बिजली, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, ट्रैफिक जाम की समस्या के समाधान, संवेदनशील स्थानों पर हैवी बैरिकेडिंग तथा आपातकालीन चिकित्सा सुविधा के लिए एंबुलेंस की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने पर विशेष जोर दिया गया।
सदस्यों ने निर्णय लिया कि इन सभी व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से लागू कराने के लिए स्थानीय विधायक, संबंधित मंत्री, जिलाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी एवं नगर आयुक्त से मिलकर आवश्यक सहयोग का आग्रह किया जाएगा, ताकि सावन मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बैठक के अंत में नव-निर्वाचित उपसंयोजक सज्जन कुमार अग्रवाल ने सभी सेवा शिविरों के संचालकों एवं उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए सावन मेले को सफल, व्यवस्थित एवं श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने में सामूहिक सहयोग का आह्वान किया।












