Advertisement

खाद्यान्न वितरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, सभी जिलों को सख्त निर्देश

-खाद्यान्न वितरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, सभी जिलों को सख्त निर्देश

पटना, 24 जून 2026। खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के सचिव दीपक आनंद ने कहा है कि खाद्यान्न वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही, देरी या अनियमितता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी जिलों के अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि पात्र लाभुकों को समय पर, निर्धारित मात्रा में और गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए।
बुधवार को सचिव की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी जिलों के जिला आपूर्ति पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी, पणन पदाधिकारी एवं आपूर्ति निरीक्षक शामिल हुए। इस दौरान खाद्यान्न वितरण, राशन कार्ड निर्माण के लंबित आवेदनों, संदिग्ध राशन कार्डों की जांच, जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानों की रिक्तियों तथा अन्य विभागीय कार्यों की समीक्षा की गई।


सचिव ने सभी जिलों में विशेष अभियान चलाकर पीडीएस दुकानों का सघन निरीक्षण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान कालाबाजारी, कम तौल, अनियमित वितरण या किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित विक्रेता के विरुद्ध तत्काल और कठोर कार्रवाई की जाए।
बैठक में लंबित राशन कार्ड आवेदनों का शीघ्र निष्पादन करने, संदिग्ध राशन कार्डों की जांच में तेजी लाने तथा अपात्र लाभुकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। इसके साथ ही जन वितरण प्रणाली की रिक्त दुकानों को निर्धारित समय-सीमा में भरने और जन शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
सचिव ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा लाभुकों के अधिकारों से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।