Advertisement

रेड लाइट एरिया में डांस पार्टी के बीच शराबबंदी कानून की उड़ाई गई धज्जियां, एक ग्राहक समेत चार गिरफ्तार

-रेड लाइट एरिया में डांस पार्टी के बीच शराबबंदी कानून की उड़ाई गई धज्जियां, एक ग्राहक समेत चार गिरफ्तार

वैशाली। बिहार में लागू शराबबंदी कानून के बावजूद अवैध शराब के सेवन और परोसने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा मामला वैशाली नगर थाना क्षेत्र के रेड लाइट इलाके से सामने आया है, जहां डांस कार्यक्रम के दौरान कथित रूप से शराब पार्टी चलने की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर एक ग्राहक और तीन नर्तकियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके के एक कमरे में डांस कार्यक्रम के दौरान शराब का सेवन किया जा रहा है तथा मेहमानों को शराब परोसी जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन घेराबंदी कर एक ग्राहक और तीन नर्तकियों को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार ग्राहक की पहचान भगवानपुर थाना क्षेत्र के इमादपुर निवासी राकेश गिरी के रूप में की गई है। पुलिस का आरोप है कि वह अपने साथ शराब लेकर कार्यक्रम में पहुंचा था और वहीं शराब का सेवन कर रहा था। छापेमारी के दौरान उसके हाथ में शराब से भरा गिलास था, जबकि मौजूद नर्तकियां उसे शराब परोस रही थीं।
महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में कमरे की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान राकेश गिरी के बैग से प्रीमियम ब्रांड ब्लैक डॉग शराब की दो बोतलें बरामद होने का दावा पुलिस ने किया है। हालांकि कमरे से कोई अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई।


इस मामले में दारोगा जूली कुमारी के बयान पर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। शराब पीने और परोसने के आरोप में ग्राहक समेत चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
नगर थानाध्यक्ष जयप्रकाश सिंह ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि शराबबंदी कानून के उल्लंघन से जुड़े मामलों पर पुलिस की नजर लगातार बनी हुई है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद एक बार फिर शराबबंदी कानून की प्रभावशीलता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। प्रतिबंध के बावजूद शराब की उपलब्धता और गुप्त रूप से आयोजित होने वाली ऐसी महफिलें प्रशासन के लिए चुनौती बनी हुई हैं। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि बरामद शराब वहां तक कैसे पहुंची और इसमें अन्य लोगों की क्या भूमिका रही है।