-पारू के लाल आदित्य बने सेना में लेफ्टिनेंट
-देहरादून पासिंग आउट परेड में माता-पिता ने सजाए सितारे
मुजफ्फरपुर। जिले के पारू प्रखंड के फुलाढ़ गांव के आदित्य कुमार ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर जिले और राज्य का नाम रोशन किया है। भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए), देहरादून में आयोजित पासिंग आउट परेड के बाद उनके माता-पिता ने कंधों पर रैंक लगाकर इस गौरवपूर्ण क्षण को और यादगार बना दिया।
आदित्य की सफलता संघर्ष, अनुशासन और आत्मविश्वास की मिसाल है। उन्होंने तीसरे प्रयास में राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) परीक्षा में सफलता हासिल की थी। वर्ष 2022 में उनका चयन उस समय हुआ, जब वे इलाहाबाद विश्वविद्यालय से गणित विषय में स्नातक की पढ़ाई कर रहे थे।
आदित्य के पिता संजय कुमार चौधरी एक दवा कंपनी में मैनेजर हैं, जबकि माता रूबी कुमारी गृहिणी हैं। परिवार वर्तमान में शहर के भगवानपुर सब्जी मंडी के पास निवास करता है। उनके छोटे भाई आदर्श कुमार ने भी आईआईटी में सफलता हासिल कर परिवार की उपलब्धियों में चार चांद लगाए हैं।
आदित्य ने वर्ष 2017 में बिहार बोर्ड से मैट्रिक परीक्षा 90 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की थी। इसके बाद एलएस कॉलेज से विज्ञान संकाय में इंटरमीडिएट की परीक्षा 89 प्रतिशत अंकों के साथ पास की। आगे की पढ़ाई के लिए उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय में गणित से स्नातक में नामांकन लिया।

उन्होंने बताया कि 12वीं के बाद से ही उनका लक्ष्य सेना में अधिकारी बनने का था और वे एनडीए की तैयारी में जुट गए। सेल्फ स्टडी और लगातार मेहनत के बल पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया।
आदित्य ने बताया कि वर्ष 2020 और 2021 में उन्हें एनडीए परीक्षा में सफलता नहीं मिली थी। हालांकि, उस दौरान माता-पिता ने उनका मनोबल बढ़ाया और आत्मविश्वास बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। आखिरकार वर्ष 2022 में उन्होंने एनडीए परीक्षा पास कर अपने सपने को साकार किया।
उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण को दिया। उनका कहना है कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि निरंतर मेहनत और धैर्य ही सफलता की कुंजी है।
आदित्य ने कहा कि एनडीए में सफलता के लिए 12वीं के पाठ्यक्रम पर मजबूत पकड़ होना बेहद जरूरी है। इसके साथ ही सामान्य अध्ययन और देश-दुनिया की घटनाओं की नियमित जानकारी भी अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से लक्ष्य तय कर अनुशासित तरीके से तैयारी करने की अपील की।












