Advertisement

132 फीट का मोबाइल टॉवर ही हो गया गायब! बक्सर में हैरतअंगेज चोरी से मचा हड़कंप

-132 फीट का मोबाइल टॉवर ही हो गया गायब! बक्सर में हैरतअंगेज चोरी से मचा हड़कंप

बक्सर। बिहार के बक्सर जिले से चोरी की एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने पुलिस और आम लोगों दोनों को हैरत में डाल दिया है। डुमरांव नगर थाना क्षेत्र में चोरों ने किसी घर, दुकान या गोदाम को नहीं, बल्कि करीब 132 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर को ही गायब कर दिया। इतना ही नहीं, टॉवर के साथ लगे जनरेटर सेट और अन्य तकनीकी उपकरण भी चोरी कर लिए गए।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह टॉवर रिहायशी इलाके में स्थित था और थाना भी ज्यादा दूर नहीं था। इसके बावजूद चोर कई दिनों तक टॉवर को खोलते रहे और किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। घटना सामने आने के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है और लोग इस बात पर हैरानी जता रहे हैं कि आखिर इतना बड़ा ढांचा चोरी कैसे हो गया।
जानकारी के अनुसार, यह मोबाइल टॉवर जीटीएल कंपनी का था और कई वर्षों से बंद पड़ा हुआ था। हाल ही में कंपनी के अधिकारी टॉवर के निरीक्षण और मरम्मत के लिए मौके पर पहुंचे थे। वहां पहुंचकर उनके होश उड़ गए, क्योंकि मौके पर न तो टॉवर मौजूद था और न ही उससे जुड़े उपकरण। पूरा ढांचा गायब था और केवल खाली जगह दिखाई दे रही थी।
इसके बाद कंपनी के अधिकारियों ने डुमरांव नगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया है कि चोर टॉवर के साथ-साथ जनरेटर सेट और अन्य तकनीकी उपकरण भी ले गए हैं। अधिकारियों का मानना है कि इतनी ऊंची संरचना को एक बार में हटाना संभव नहीं था, इसलिए आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने कई दिनों तक धीरे-धीरे टॉवर को काटकर और खोलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।


मामले में जमीन मालिक हरेनाथ यादव ने बताया कि वर्ष 2010 में कंपनी के साथ टॉवर लगाने के लिए 12 वर्षों का एकरारनामा हुआ था, जिसकी अवधि 2022 में समाप्त हो गई थी। उनका आरोप है कि समझौते की अवधि समाप्त होने के बाद कंपनी की ओर से कोई भुगतान नहीं किया गया। इस संबंध में उन्होंने चार बार नोटिस भी भेजा, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले करीब 15 वर्षों से वहां मोबाइल टॉवर स्थापित था। कुछ दिनों पहले लोगों ने टॉवर को गायब देखा, लेकिन किसी ने इस पर विशेष ध्यान नहीं दिया। अब चोरी की शिकायत दर्ज होने के बाद पूरे इलाके में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
बक्सर के पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने बताया कि करीब दस दिन पहले इस संबंध में आवेदन प्राप्त हुआ था। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जमीन मालिक सहित अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह भी जांच का विषय है कि टॉवर को वैध प्रक्रिया के तहत हटाया गया या वास्तव में चोरी की घटना हुई है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस हैरतअंगेज घटना ने आम लोगों के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि जब 132 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर को बिना किसी शोर-शराबे के गायब किया जा सकता है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता होना स्वाभाविक है।