Advertisement

स्वच्छता पखवाड़ा को ओबीसी मोर्चा ने दी नई गति, जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में चलाया विशेष अभियान

-स्वच्छता पखवाड़ा को ओबीसी मोर्चा ने दी नई गति, जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में चलाया विशेष अभियान

जम्मू, 12 जून 2026। स्वच्छ और स्वस्थ भारत के संकल्प को सशक्त बनाने तथा स्वच्छता पखवाड़ा-2026 को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से भाजपा ओबीसी मोर्चा ने जम्मू-कश्मीर के विभिन्न जिलों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया। कुपवाड़ा, जम्मू नॉर्थ, उधमपुर, रामनगर और बसोहली में आयोजित इन अभियानों में पार्टी कार्यकर्ताओं, स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
कुपवाड़ा जिले के हंदवाड़ा विधानसभा क्षेत्र स्थित ईदगाह दारुल उलूम इस्लामिया, तरथपोरा में आयोजित अभियान में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों की सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। वहीं जम्मू नॉर्थ के बाबा सहज नाथ मंदिर, पुरखू में जिला अध्यक्ष शमशेर कुमार प्रजापति के नेतृत्व में सफाई अभियान चलाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
उधमपुर जिले में नरसिंह मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश सलगोत्रा समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे। रामनगर के गांव कठिल कांजू में भी नरसिंह मंदिर और उसके आसपास सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।


बसोहली के वरुण नगरी उज्झ पुल क्षेत्र में आयोजित अभियान में भाजपा ओबीसी मोर्चा पहाड़ी जिला बसोहली-बनी-बिलावर के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने व्यापक सफाई की। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने भी सहभागिता निभाई।
अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने झाड़ू और अन्य सफाई उपकरणों की सहायता से सार्वजनिक स्थलों, मंदिर परिसरों और आसपास के क्षेत्रों से कचरा हटाया तथा उसके उचित निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित की। साथ ही स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
भाजपा ओबीसी मोर्चा जम्मू-कश्मीर के प्रदेश अध्यक्ष ब्रह्म ज्योत सत्ती ने सभी जिला एवं मंडल इकाइयों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनसहभागिता से संचालित एक सामाजिक आंदोलन है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत मिशन ने स्वच्छता को राष्ट्रीय दायित्व का रूप दिया है और इसे जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता है।
उन्होंने युवाओं से स्वच्छता को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने तथा पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ सार्वजनिक स्थलों के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। अभियान में समाज के विभिन्न वर्गों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने स्वच्छ और स्वस्थ भारत के निर्माण के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया।