Advertisement

नालसा ने योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए कमर कस ली है : नितिन त्रिपाठी

-नालसा ने योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए कमर कस ली है : नितिन त्रिपाठी

मोतिहारी, राजन द्विवेदी।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पूर्वी चंपारण ने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए कमर कस ली है। प्राधिकार के सचिव नितिन त्रिपाठी ने बीते दो दिनों से विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ लगातार समीक्षा और समन्वय बैठकें कीं।

बैठकों में डॉन योजना, नालसा जागृति योजना ‘सुरक्षित बचपन–सुरक्षित भविष्य’, वीर पुरस्कार सहायता योजना, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और पर्यावरण संरक्षण-वृक्षारोपण अभियान समेत कई कार्यक्रमों की समीक्षा हुई। सचिव ने कहा कि नालसा योजनाओं का मकसद समाज के आखिरी जरूरतमंद व्यक्ति तक मुफ्त कानूनी सहायता और जागरूकता पहुंचाना है। इसके लिए सभी विभागों को साथ मिलकर काम करना होगा।


बैठक में इस बात पर खास फोकस रहा कि योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंचे। जन-जागरूकता कार्यक्रमों को और मजबूत बनाने और विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर सहमति बनी। वीर पुरस्कार सहायता योजना के तहत पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों तक कानूनी मदद पहुंचाने पर विशेष चर्चा हुई।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और अन्य जागरूकता कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए विभागवार जिम्मेदारियां तय की गईं। समन्वय तंत्र को मजबूत करने पर भी विचार हुआ।

बैठक में विधिक प्रकोष्ठ प्रभारी निधि कुमारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी ज्ञानेश्वर कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, पुलिस विभाग, जिला खेल पदाधिकारी शुभम कुमार, जिला सैनिक कल्याण बोर्ड सेवानिवृत्त कैप्टन केशव शर्मा समेत कई अधिकारी शामिल हुए।

सचिव नितिन त्रिपाठी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं का व्यापक प्रचार करें ताकि जिले के ज्यादा से ज्यादा लोग लाभ ले सकें। उन्होंने भरोसा जताया कि सबके सहयोग से पूर्वी चंपारण में विधिक जागरूकता और न्याय तक पहुंच मजबूत होगी।