-शराब धंधेबाज की गिरफ्तारी करने गई पुलिस टीम पर हमला, 8 पुलिसकर्मी घायल
मुजफ्फरपुर। जिले के पारू थाना क्षेत्र के दामोदरपुर गांव में शराब कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस हमले में आठ पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि पुलिस वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात करीब 2 बजे पारू थाना की पुलिस टीम शराब धंधेबाज को गिरफ्तार करने दामोदरपुर गांव पहुंची थी। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने पुलिस टीम का विरोध करते हुए ईंट-पत्थरों से हमला शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले में पुलिसकर्मी घायल हो गए और पुलिस वाहन के पिछले हिस्से को भी नुकसान पहुंचा।
घायल पुलिसकर्मियों में सन्नी कुमार (31), पुलकित कुमार (30), रामभरोस यादव (50), मो. मुमताज, पुष्पा कुमारी (26), अजय कुमार (50), पंकज कुमार (24) और विवेक कुमार शामिल हैं।

सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सन्नी कुमार, पुलकित कुमार, रामभरोस यादव और पुष्पा कुमारी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें एसकेएमसीएच रेफर कर दिया गया। वहीं अन्य चार पुलिसकर्मियों का उपचार कर उन्हें वापस थाने भेज दिया गया।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हमले में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और पुलिस पर हमला करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।












