Advertisement

राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल को डॉ. नीतू ‘नूतन’ ने किया सम्मानित

-राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल को डॉ. नीतू ‘नूतन’ ने किया सम्मानित

मोतिहारी, राजन द्विवेदी। निर्वाचन प्रक्रिया में उत्कृष्ट तकनीकी नवाचार के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल को शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त लोक संस्कृति की प्रतिनिधि एवं राष्ट्रपति सम्मान प्राप्त कला शख्सियत डॉ. नीतू कुमारी ‘नूतन’ ने सम्मानित किया। जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित समारोह में उन्हें अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।

गौरतलब है कि हाल ही में राष्ट्रीय मतदाता दिवस 2026 के अवसर पर जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल को निर्वाचन प्रक्रिया में उत्कृष्ट तकनीकी नवाचार के लिए भारत की राष्ट्रपति द्वारा राष्ट्रीय सम्मान से नवाजा गया था। इस उपलब्धि के बाद पूरे जिले में खुशी और गौरव का माहौल है।

सम्मान समारोह में वक्ताओं ने कहा कि जिलाधिकारी ने न केवल निर्वाचन कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, बल्कि जिले के विकास, कला एवं संस्कृति के संरक्षण तथा कलाकारों के उत्थान के लिए भी उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उनकी प्रशासनिक दक्षता और जनहितकारी कार्यों ने प्रशासन एवं आमजन के बीच एक सकारात्मक और लोकप्रिय छवि स्थापित की है। राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह उपलब्धि पूरे चंपारण और बिहार के लिए गर्व का विषय है।

इस दौरान चंपारण की लोक कला एवं संस्कृति के संरक्षण को लेकर भी चर्चा हुई। विशेष रूप से विलुप्तप्राय लोक नृत्य-गीत शैली “बिहार बिम्बो” को सरकारी महोत्सवों एवं सांस्कृतिक आयोजनों में शामिल कर नई पहचान दिलाने का अनुरोध किया गया। बताया गया कि इस लोक कला का प्रदर्शन ऑस्ट्रेलिया और मॉरीशस जैसे देशों में भी किया जा चुका है, जिससे इसे अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है।

जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए डॉ. नीतू कुमारी ‘नूतन’ और उनकी टीम को शुभकामनाएं दीं तथा उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मौके पर वरिष्ठ संस्कृतिकर्मी एवं पत्रकार संजय पाण्डेय, जिला पंचायती राज पदाधिकारी रामजन्म पासवान, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी ज्ञानेश्वर प्रकाश तथा सुप्रसिद्ध गायिका सिमरन श्रुति सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।