-मुजफ्फरपुर के बृहद आश्रय गृह से 10 बच्चे लापता, प्रशासन में मचा हड़कंप
मुजफ्फरपुर। जिले के मुसहरी थाना क्षेत्र स्थित नरौली बृहद आश्रय गृह से एक साथ 10 बच्चों के रहस्यमय तरीके से लापता होने की खबर ने पूरे प्रशासनिक महकमे में सनसनी फैला दी है। घटना सामने आते ही पुलिस और जिला प्रशासन हरकत में आ गया है तथा बच्चों की तलाश के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 10 मई को आश्रय गृह में रह रहे 10 बच्चे अचानक गायब पाए गए। प्रारंभिक तौर पर प्रशासन इसे बच्चों के बाल गृह से भाग जाने का मामला बता रहा है, लेकिन घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और आश्रय गृह की कार्यप्रणाली पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही मुसहरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं अनुमंडल पदाधिकारी (पूर्वी) तुषार कुमार ने भी आश्रय गृह पहुंचकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के इलाकों में सर्च अभियान चला रही है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

सूत्रों की मानें तो घटना के बाद आश्रय गृह की सुरक्षा व्यवस्था कटघरे में आ गई है। आखिर एक साथ 10 बच्चे कैसे गायब हो गए, यह सवाल हर किसी के मन में है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस संस्था पर बच्चों की सुरक्षा और देखभाल की जिम्मेदारी है, वहां से इतने बच्चों का एक साथ गायब होना बेहद गंभीर और चिंताजनक मामला है।
पुलिस आश्रय गृह में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही कर्मचारियों और संबंधित अधिकारियों से पूछताछ भी की जा रही है। प्रशासन का दावा है कि जल्द ही सभी बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा।
इस घटना ने न सिर्फ मुजफ्फरपुर बल्कि पूरे बिहार की बाल संरक्षण व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। अब सभी की नजर प्रशासनिक जांच और बच्चों की सुरक्षित बरामदगी पर टिकी हुई है।












