-रौतिनिया डंपिंग प्वाइंट के कचरा निस्तारण को मिली मंजूरी, 15 दिनों में शुरू होगा कार्य
मुजफ्फरपुर। मड़वन प्रखंड के रौतिनिया स्थित डंपिंग प्वाइंट पर वर्षों से जमा कचरे के निस्तारण का रास्ता अब साफ हो गया है। मुजफ्फरपुर नगर निगम ने सोमवार को रौतिनिया डंपसाइट पर लेगेसी वेस्ट रेमेडिएशन सेवा शुरू कराने के लिए नोएडा की निजी कंपनी को आधिकारिक कार्यादेश जारी कर दिया है। इस परियोजना पर करीब 3 करोड़ 99 लाख 42 हजार 643 रुपये खर्च किए जाएंगे।
नगर आयुक्त ऋतुराज प्रताप सिंह द्वारा जारी पत्र में नोएडा की मेसर्स इकोस्टान इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड को कार्य प्रारंभ करने का निर्देश दिया गया है। कंपनी को सुरक्षा जमा राशि, बीमा पॉलिसी और अनुबंध संबंधी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सेवा शुरू करने की अनुमति दी गई है।

इधर, कांटी विधायक ई. अजीत कुमार ने इसे अपनी पहल का परिणाम बताते हुए कहा कि विधायक बनने के बाद उन्होंने इस गंभीर समस्या से मुजफ्फरपुर डीएम को अवगत कराया था। इसके बाद डीएम के साथ रौतिनिया डंपसाइट का स्थलीय निरीक्षण भी किया गया था। निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने दुर्गंध, प्रदूषण और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों को अधिकारियों के सामने रखा था। उस समय प्रशासन की ओर से जल्द समाधान का आश्वासन दिया गया था।
विधायक ई. अजीत कुमार ने कहा कि नगर निगम द्वारा सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं और अगले 15 दिनों के भीतर कचरा निस्तारण का कार्य शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्षों से जमा कचरे के कारण आसपास के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। परियोजना शुरू होने से क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होगी तथा पर्यावरण प्रदूषण से भी राहत मिलने की उम्मीद है।












