-रामपुर दिलावरपुर में नीरा काउंटर का उद्घाटन, पौष्टिक पेय के रूप में बताया गया लाभकारी
राजापाकर-संजय श्रीवास्तव। राजापाकर प्रखंड क्षेत्र के बैकुंठपुर पंचायत स्थित रामपुर दिलावरपुर ग्राम में जीविका के सहयोग से नीरा के स्थायी काउंटर की शुरुआत की गई। इस काउंटर का उद्घाटन जीविका बीपीएम राजकुमार साह ने फीता काटकर किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए बीपीएम राजकुमार साह ने कहा कि नीरा एक अत्यंत पौष्टिक एवं स्वास्थ्यवर्धक पेय पदार्थ है, जो विटामिन, खनिज और अमीनो एसिड से भरपूर होता है। उन्होंने बताया कि यह शरीर को तत्काल ऊर्जा प्रदान करने के साथ-साथ पाचन तंत्र को मजबूत करने और शरीर को ठंडक देने में भी सहायक है।

उन्होंने आगे कहा कि नीरा का नियमित सेवन मधुमेह रोगियों के लिए भी लाभकारी हो सकता है, क्योंकि इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है। साथ ही यह एनीमिया को दूर करने में भी मददगार है, क्योंकि इसमें आयरन, विटामिन सी और बी-कॉम्प्लेक्स की अच्छी मात्रा पाई जाती है, जो हीमोग्लोबिन बढ़ाने और कमजोरी दूर करने में सहायक है।
स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए बताया गया कि सुबह के समय नीरा का सेवन विशेष रूप से लाभकारी माना जाता है, जिससे पाचन तंत्र बेहतर रहता है और गैस जैसी समस्याओं में राहत मिलती है।
इस अवसर पर उपेंद्र पासवान, राकेश कुमार, रमेश पासवान सहित कई जीविका दीदियां एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे ग्रामीण अर्थव्यवस्था और स्वास्थ्य दोनों के लिए महत्वपूर्ण बताया।










