-महाराणा प्रताप जयंती पर गूंजा वीरता का संदेश, शहर में प्रतिमा स्थापना की उठी मांग
मुजफ्फरपुर। नवयुवक समिति ट्रस्ट एवं नागरिक मोर्चा के संयुक्त तत्वावधान में स्थानीय शहीद भगवान लाल स्मारक पुस्तकालय भवन के सभागार में मेवाड़ के महान योद्धा महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती समारोहपूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. रमेश कुमार केजरीवाल ने की, जबकि मंच संचालन मोहन प्रसाद सिन्हा ने किया।
समारोह की शुरुआत महाराणा प्रताप की तस्वीर पर पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण के साथ हुई। उपस्थित लोगों ने उनके शौर्य, त्याग और राष्ट्रभक्ति को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने कहा कि महाराणा प्रताप भारतीय इतिहास के ऐसे वीर योद्धा थे, जिन्होंने स्वाभिमान और स्वतंत्रता के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया।

अध्यक्ष डॉ. रमेश कुमार केजरीवाल ने जिला प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि शहर के किसी प्रमुख स्थल पर महाराणा प्रताप की आदमकद प्रतिमा स्थापित की जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके आदर्शों से प्रेरणा ले सकें।
कार्यक्रम में डॉ. जगदीश शर्मा, डॉ. प्रदीप अग्रवाल, डॉ. हरिकिशोर सिंह, डॉ. अंजनी कुमार नाथानी, वयोश्रेष्ठ हीरालाल गुप्ता, समिति उपाध्यक्ष रणवीर अभिमन्यु, सत्येंद्र कुमार सत्येन, अजय कुमार, मुन्नी चौधरी, चिराग पोद्दार, अशोक भारती एवं दीनबंधु आजाद सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अंत में डॉ. जगदीश शर्मा ने आगंतुकों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।












