Advertisement

राजापाकर अंचल कार्यालय में निशा यादव ने संभाला प्रभार, बिचौलियों से सावधान रहने की अपील

-राजापाकर अंचल कार्यालय में निशा यादव ने संभाला प्रभार, बिचौलियों से सावधान रहने की अपील

राजापाकर-संजय श्रीवास्तव। वैशाली जिला पदाधिकारी के आदेशानुसार अगले आदेश तक राजापाकर अंचल कार्यालय में अंचलाधिकारी के रूप में निशा यादव ने प्रभार ग्रहण कर लिया है। प्रभार संभालने के बाद उन्होंने आम जनता से सीधे अंचल कार्यालय में संपर्क कर अपनी समस्याओं के समाधान कराने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि दाखिल-खारिज, परिमार्जन, भूमि मापी समेत जमीन संबंधी किसी भी कार्य के लिए प्रखंडवासी सीधे अंचल कार्यालय राजापाकर पहुंचें और किसी भी बिचौलिए या दलाल के चक्कर में न पड़ें। उन्होंने बताया कि कई मामलों में ऑनलाइन दाखिल-खारिज के बाद कुछ बिचौलिए गलत तरीके से आपत्ति दर्ज करा देते हैं, जबकि उनका जमीन या संबंधित व्यक्ति से कोई संबंध नहीं होता। इसके जरिए प्रतिवादियों से अवैध रूप से पैसे वसूले जाते हैं और अंचल कार्यालय की छवि खराब की जाती है। इससे दाखिल-खारिज मामलों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब हो रहा है।

निशा यादव ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि किसी भी भ्रामक बातों पर विश्वास न करें और स्वयं कार्यालय पहुंचकर स्थिति स्पष्ट कर लें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी बिचौलिए या दलाल की गतिविधि की जानकारी मिलती है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने यह भी बताया कि जमीन मापी का भुगतान पूरी तरह ऑनलाइन होता है। किसी भी व्यक्ति को नकद भुगतान नहीं करना है। शिकायत मिली है कि कुछ लोग जमीन मापी के नाम पर अवैध रूप से पैसे वसूल रहे हैं। ऐसे मामलों की जानकारी तत्काल अंचल कार्यालय को देने की अपील की गई है ताकि दोषियों पर कार्रवाई की जा सके।

अंचलाधिकारी ने आम लोगों की सुविधा के लिए अपना सरकारी मोबाइल नंबर 9031671300 जारी करते हुए कहा कि लोग सीधे संपर्क कर अपनी समस्याओं से अवगत करा सकते हैं।