Advertisement

वर्दी में रील बनाना पड़ा भारी: बिहार पुलिस के 50 कर्मियों पर गिरी गाज

📍-वर्दी में रील बनाना पड़ा भारी: बिहार पुलिस के 50 कर्मियों पर गिरी गाज

पटना। बिहार में लॉ एंड ऑर्डर को सख्ती से लागू करने के लिए बिहार पुलिस मुख्यालय ने बड़ा कदम उठाया है। वर्दी में रील बनाकर सोशल मीडिया पर साझा करने वाले 50 पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस मुख्यालय द्वारा पहले ही स्पष्ट निर्देश दिया गया था कि कोई भी पुलिसकर्मी वर्दी में रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट नहीं करेगा। इसके बावजूद लगातार ऐसे मामले सामने आने के बाद अब सख्त कार्रवाई की गई है।

जारी सूची में राज्य के कई जिलों के पुलिसकर्मी शामिल हैं, जिनमें सबसे अधिक संख्या पटना जिले की बताई जा रही है। इसके अलावा दरभंगा, मधुबनी, नालंदा, सीतामढ़ी और पूर्णिया समेत अन्य जिलों के पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।

सूची में पूर्णिया महिला थाना की थानाध्यक्ष शबाना आजमी का नाम भी शामिल है। जानकारी के अनुसार, उन्होंने पूर्व में फनीश्वरनाथ रेणु टीओपी में पदस्थापना के दौरान अपनी कुर्सी पर परिजन को बैठाकर रील बनाया था, जो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को SOP के तहत संबंधित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि भविष्य में ऐसे मामलों में और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बिहार पुलिस लगातार अपने कर्मियों को अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने की हिदायत देती रही है, लेकिन निर्देशों की अनदेखी करने वालों पर अब सख्त रुख अपनाया गया है।