-‘नया सवेरा’ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई, कथित देह व्यापार मामले में 14 लोग हिरासत में
मधेपुरा। जिले के सिंहेश्वर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित देह व्यापार के मामले में 11 युवतियों और 3 युवकों को हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई सिंहेश्वर–बिरैली मार्ग पर रोड संख्या 18 के समीप की गई, जहां लंबे समय से अवैध गतिविधियों की शिकायत मिल रही थी। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार यह छापेमारी पुलिस मुख्यालय, पटना द्वारा चलाए जा रहे ‘नया सवेरा’ अभियान के तहत की गई। अभियान का उद्देश्य मानव तस्करी, देह व्यापार और अन्य अवैध गतिविधियों पर रोक लगाना है। पुलिस अधीक्षक डॉ. संदीप कुमार के निर्देश पर पूरी कार्रवाई की रणनीति तैयार की गई, जिसमें स्थानीय पुलिस के साथ अन्य इकाइयों का भी सहयोग लिया गया।
इस अभियान में गैर-सरकारी संगठन बिहार सेवा समिति न्याय केंद्र, मधुबनी की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। संगठन द्वारा उपलब्ध कराई गई सूचनाओं और रणनीतिक सहयोग के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
बताया जाता है कि छापेमारी की योजना पूरी तरह गोपनीय रखी गई थी। तीन उप पुलिस अधीक्षकों के नेतृत्व में पुलिसकर्मी पहले ग्राहक बनकर मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद अचानक छापेमारी शुरू कर दी गई। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद कई युवतियां खेतों की ओर भागने लगीं, लेकिन पहले से तैनात महिला और पुरुष पुलिस बल ने घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री बरामद की। साथ ही बीआर 43 एए 3103 नंबर की एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस का मानना है कि इस वाहन का उपयोग कथित नेटवर्क के संचालन में किया जा रहा था।
इस अभियान में विशेष कार्यबल की भी सक्रिय भूमिका रही। छापेमारी में सहायक पुलिस अधीक्षक प्रवेंद्र भारती, मुख्यालय उप पुलिस अधीक्षक मनोज मोहन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और दर्जनों पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस ने हिरासत में लिए गए सभी लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है और इस मामले से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर गिरोह का पर्दाफाश करने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।
प्रशासन ने साफ किया है कि जिले में इस प्रकार के अवैध धंधों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधमुक्त वातावरण सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे।
इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों में संतोष देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि लंबे समय से क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियां चल रही थीं, जिससे सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा था। पुलिस की पहल से लोगों में प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।












