Advertisement

मुजफ्फरपुर की बेटी दीपिका कुशवाहा को अंतरराष्ट्रीय मंच पर ‘वीरांगना रत्न अवार्ड’ से सम्मान

-मुजफ्फरपुर की बेटी दीपिका कुशवाहा को अंतरराष्ट्रीय मंच पर ‘वीरांगना रत्न अवार्ड’ से सम्मान

मुजफ्फरपुर।
बिहार के मुजफ्फरपुर की होनहार बेटी और ‘बिहार वीरांगना’ के नाम से पहचान बना चुकीं दीपिका कुशवाहा ने एक बार फिर प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उन्हें हरियाणा के एलनाबाद में आयोजित 5वें अंतरराष्ट्रीय युवा सम्मेलन में ‘वीरांगना रत्न अवार्ड’ से सम्मानित किया गया।
यह सम्मेलन दिव्य युवा मंच के तत्वावधान में 4 से 6 अप्रैल तक आयोजित हुआ, जिसमें 5 देशों और 20 राज्यों के करीब 100 समाजसेवियों ने भाग लिया। इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में दीपिका कुशवाहा को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था।
दीपिका को यह सम्मान महिलाओं के सशक्तिकरण, साहस, नेतृत्व क्षमता और समाज सेवा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान दिव्य युवा मंच के संस्थापक सुभाष चौहान ने उन्हें यह सम्मान देकर गौरवान्वित किया।


दीपिका कुशवाहा अपने निरंतर संघर्ष और मेहनत के दम पर न सिर्फ बिहार, बल्कि देश-विदेश में अपनी अलग पहचान बना चुकी हैं। अब तक उन्हें 176 से अधिक पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। समाज सेवा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय कार्यों को देखते हुए उन्हें ‘बिहार वीरांगना’ की उपाधि भी दी गई है।
दीपिका की इस उपलब्धि से पूरे बिहार में गर्व का माहौल है। उनकी सफलता अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रही है और यह साबित कर रही है कि मेहनत और लगन से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।