-बंदरा प्रखंड कार्यालय में जनता दरबार आयोजित, 8 मामलों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
मुजफ्फरपुर/बंदरा। दीपक। प्रखंड कार्यालय बंदरा में प्रखंड विकास पदाधिकारी सुश्री आमना वसी की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रखंड क्षेत्र से आए आमजन ने अपनी विभिन्न समस्याएं रखीं, जिन पर त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
जनता दरबार में कुल 8 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें वृद्धा पेंशन, पेंशन बंद होने, आधार कार्ड, नल-जल योजना तथा प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं।
श्रीमती बिंदु देवी ने वृद्धा पेंशन से संबंधित समस्या उठाई, जिस पर संबंधित कर्मी को एक सप्ताह के भीतर समाधान करने का निर्देश दिया गया। वहीं, कैयूम एवं सिलवा देवी द्वारा आधार कार्ड से जुड़ी शिकायत पर प्रखंड के अधिकृत आधार केंद्र को निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

धीरज मिश्रा ने नल-जल योजना के अनुरक्षक के मानदेय भुगतान का मुद्दा उठाया, जिस पर पंचायत सचिव को एक सप्ताह के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। विष्णु भारती द्वारा नल-जल आपूर्ति बाधित होने की शिकायत पर पंचायत सचिव एवं कनीय अभियंता (PHED) को तत्काल जलापूर्ति बहाल करने को कहा गया।
इसके अलावा सुनेना देवी ने स्वतंत्रता सेनानी पेंशन तथा नारायण सहनी ने बंद पेंशन की समस्या रखी, जिनके समाधान हेतु संबंधित कर्मियों को एक सप्ताह की समयसीमा दी गई। रोशन खातून ने प्रधानमंत्री आवास योजना की किस्त भुगतान में विलंब की शिकायत की, जिस पर द्वितीय एवं तृतीय किस्त का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
प्रखंड विकास पदाधिकारी सुश्री आमना वसी ने सभी पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त सभी आवेदनों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को त्वरित राहत मिल सके।












