-धनबाद में शांति का संदेश: एसएसपी प्रभात कुमार की पहल पर अहम बैठक, 20 आरोपी जेल भेजे गए
धनबाद, सत्येन्द्र सिंह:
धनबाद जिले के बलियापुर थाना परिसर में मंगलवार को शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अगुवाई एसएसपी प्रभात कुमार ने की, जिसमें हिंदू-मुस्लिम समुदाय के प्रतिनिधियों, समाजसेवियों, बुद्धिजीवियों, राजनीतिक दलों के नेताओं और शांति समिति के सदस्यों ने भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए एसएसपी प्रभात कुमार ने रामनवमी के दौरान हुई सांप्रदायिक तनाव की घटना पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे ऐसे तत्वों से दूरी बनाकर रखें, जो वर्षों से कायम भाईचारे को नुकसान पहुंचाना चाहते हैं।

एसएसपी ने भावुक अंदाज में कहा कि प्रशासनिक अधिकारी तो समय के साथ बदल जाते हैं, लेकिन स्थानीय लोग हमेशा एक-दूसरे के साथ रहते हैं। ऐसे में पर्व-त्योहार के समय भाईचारा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने जानकारी दी कि बलियापुर के भिखराजपुर में रामनवमी जुलूस के दौरान हुई पत्थरबाजी के बाद लागू BNSS की धारा 163 को हटा लिया गया है। इस मामले में अब तक करीब 20 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
बैठक में एसएसपी ने यह भी आश्वासन दिया कि यदि किसी निर्दोष व्यक्ति का नाम प्राथमिकी में जुड़ गया है, तो इसकी सूचना सीधे उन्हें दी जाए, त्वरित जांच के बाद नाम हटा दिया जाएगा।
इस अवसर पर विधायक अरूप चटर्जी, चंद्रदेव महतो, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर हेमा प्रसाद, एसडीएम लोकेश बारंगे, डीएसपी नौशाद आलम, सिंदरी एसडीपीओ आशुतोष कुमार सत्यम और डीएसपी शंकर कामती समेत कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में सभी ने मिलकर अमन-चैन बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने का संकल्प लिया। वहीं जनप्रतिनिधियों और थाना प्रभारी ने भी लोगों से शांति बनाए रखने और आपसी सौहार्द को मजबूत करने की अपील की।











