Advertisement

बकाया भुगतान को लेकर आशा कार्यकर्ताओं का धरना, 1 अप्रैल से कार्य बहिष्कार की चेतावनी

–बकाया भुगतान को लेकर आशा कार्यकर्ताओं का धरना, 1 अप्रैल से कार्य बहिष्कार की चेतावनी

राजापाकर/वैशाली। संजय श्रीवास्तव। वैशाली जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिद्दूपुर में शुक्रवार (20 मार्च) सुबह 7 बजे से आशा कार्यकर्ताओं, आशा फैसिलिटेटरों और वैक्सीन कूरियरों ने धरना-प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन पिछले आठ माह से प्रोत्साहन राशि और मानदेय का भुगतान नहीं होने के विरोध में किया गया।
धरना में शामिल कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि उनका बकाया भुगतान जल्द नहीं किया गया, तो 1 अप्रैल 2026 से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार शुरू किया जाएगा। प्रदर्शन में रीना कुमारी, पुष्पा कुमारी, विभा कुमारी, मंजु कुमारी, सुनैना कुमारी, वंदना कुमारी, प्रेमलता कुमारी, गायत्री श्रीवास्तव, उर्मिला कुमारी सहित कई आशा कार्यकर्ता मौजूद रहीं। वहीं अनिल कुमार प्रसाद, अखिलेश कुमार, संतोष कुमार और सत्यानंद कुमार समेत वैक्सीन कूरियर भी शामिल हुए।


धरना का नेतृत्व कर रहीं रीना कुमारी ने बताया कि जुलाई से मार्च तक की प्रोत्साहन राशि का भुगतान अब तक नहीं किया गया है, जिससे सभी कर्मियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक बकाया राशि का भुगतान नहीं होगा, आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि इस संबंध में प्रभारी रेखा सिन्हा को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। पहले जिला स्तर पर पत्र देने की बात कही गई, फिर भुगतान ट्रेजरी में जाने और बाद में ट्रेजरी से रद्द होने की जानकारी दी गई। इस पर कार्यकर्ताओं ने सवाल उठाया कि जब प्रभारी ही उनके अधिकारी हैं, तो उन्हें जिला स्तर पर क्यों भटकाया जा रहा है।
आशा कार्यकर्ताओं और वैक्सीन कूरियरों ने बताया कि अपनी मांगों को लेकर वे मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, मुख्य सचिव, स्वास्थ्य विभाग के सचिव और राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक को भी अवगत करा चुके हैं। इसके बावजूद अब तक कोई समाधान नहीं निकलने से नाराज कर्मियों ने 1 अप्रैल से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार पर जाने का निर्णय लिया है।