–गायघाट में बारिश से बिजली व्यवस्था ध्वस्त, रातभर गुल रहने की आशंका
गायघाट। दीपक कुमार।
शुक्रवार देर शाम शुरू हुई झमाझम बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं ने बिजली व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। आंधी-पानी के कारण इलाके की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह चरमरा गई है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बेनीबाद, गायघाट, बरुआरी, केवटसा और महेशवारा सहित कई क्षेत्रों में शाम होते ही बिजली आपूर्ति ठप हो गई। स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि हालात ऐसे हैं कि अब रातभर बिजली आने की उम्मीद नहीं है और शनिवार को ही सप्लाई बहाल होने की संभावना जताई जा रही है।

अचानक बिजली गुल होने से जनजीवन प्रभावित हो गया है। लोगों को अंधेरे में रात गुजारने की मजबूरी बन गई है, वहीं जरूरी कामकाज भी बाधित हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि शहर के कुछ इलाकों में 2 से 3 घंटे के भीतर बिजली आपूर्ति बहाल हो सकती है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में शुक्रवार रात तक बिजली संकट बने रहने की आशंका है।
इस संबंध में बिजली विभाग के जेई ललित कुमार यादव से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
बारिश और तेज हवा के चलते बिजली तारों और उपकरणों को नुकसान पहुंचने की संभावना जताई जा रही है, जिससे मरम्मत कार्य में देरी हो सकती है।










