Advertisement

धनबाद में भीषण अग्निकांड: दो दुकानें जलकर खाक, लाखों का नुकसान

–धनबाद में भीषण अग्निकांड: दो दुकानें जलकर खाक, लाखों का नुकसान

धनबाद। जिले के तेतुलमारी थाना क्षेत्र अंतर्गत सुभाष चौक के समीप बीती रात भीषण आग लगने से दो दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। इस घटना में एक चाय-सब्जी की दुकान और पास स्थित पंचर दुकान पूरी तरह नष्ट हो गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग देर रात करीब 2 बजे लगी। दुकानों से उठती तेज लपटों को देख आसपास के लोगों ने शोर मचाकर अन्य लोगों को सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई और स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया।


स्थानीय लोगों एवं जनप्रतिनिधियों की तत्परता से दमकल के पहुंचने से पहले ही पानी के टैंकर मंगाकर आग पर काबू पाने की कोशिश की गई। काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका, लेकिन तब तक दोनों दुकानों में रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो चुका था।
इस अग्निकांड में करीब 3 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। पीड़ित दुकानदारों ने बताया कि उनकी रोजी-रोटी का एकमात्र साधन इसी आग में खत्म हो गया, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
हालांकि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या अन्य तकनीकी कारणों की आशंका जताई जा रही है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर पीड़ितों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
– सत्येन्द्र सिंह, धनबाद