-एल.एस. कॉलेज में छात्रों का आंदोलन दूसरे दिन भी जारी, सीनेट सदस्यों को सौंपा ज्ञापन
मुजफ्फरपुर। एल.एस. कॉलेज के छात्र अपनी मूलभूत मांगों को लेकर लगातार दूसरे दिन भी आंदोलन पर डटे रहे। आंदोलनरत छात्रों का कहना है कि पूर्व में की गई भूख हड़ताल के दौरान प्रशासन द्वारा लिखित आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक उन मांगों को पूरा नहीं किया गया है, जिससे छात्रों में आक्रोश व्याप्त है।
शनिवार को बीआरए बिहार विश्वविद्यालय में सीनेट की बैठक शुरू होने से पहले आंदोलनकारी छात्रों ने सीनेट सदस्यों से मुलाकात कर अपनी मांगों तथा प्रशासन द्वारा दिए गए लिखित आश्वासन की प्रति उन्हें सौंपी। छात्रों ने सीनेट सदस्यों से आग्रह किया कि वे इस मुद्दे को सीनेट की बैठक में उठाएं और कॉलेज के प्राचार्य की हठधर्मिता के बारे में भी सदन को अवगत कराएं।
इस दौरान विद्यार्थी परिषद के पूर्व कार्यकर्ता एवं सीनेट सदस्य मनोज वत्स तथा केशरी नंदन शर्मा धरना स्थल पर पहुंचे और आंदोलन कर रहे छात्रों के साथ बैठकर उनका मनोबल बढ़ाया।
इससे पूर्व छात्रों ने अपनी मांगों के समर्थन में “भिक्षाटन अभियान” भी चलाया था। अभियान के दौरान मिली भिक्षा को छात्र प्राचार्य को सौंपने के उद्देश्य से उनका घेराव करने पहुंचे, लेकिन प्राचार्य ने इसे नजरअंदाज कर दियाl

भिक्षाटन अभियान के दौरान ही प्राचार्य द्वारा आंदोलन में शामिल छात्रों को फर्जी बताते हुए कहा गया कि वे कॉलेज के विद्यार्थी नहीं हैं और न ही विद्यार्थी परिषद से जुड़े हुए हैं।
प्राचार्य के इन आरोपों का खंडन करते हुए एबीवीपी मुजफ्फरपुर पूर्वी के जिला संयोजक अभिनव राज ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि प्राचार्य छात्रों के खिलाफ सुनियोजित साजिश रच रहे हैं। उन्होंने कहा कि आंदोलन में शामिल सभी छात्र कॉलेज के ही विद्यार्थी हैं और अपनी जायज मांगों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहे हैं।
अभिनव राज ने बताया कि इससे पहले भी जब छात्र भूख हड़ताल पर बैठे थे, तब प्राचार्य द्वारा उन्हें फर्जी बताने का आरोप लगाया गया था, जो बाद में पूरी तरह गलत साबित हुआ। उस भूख हड़ताल में उत्तर बिहार के प्रांत मंत्री भी शामिल हुए थे।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से चल रहे इस आंदोलन को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन की चुप्पी छात्रों के प्रति उनकी जिम्मेदारी पर सवाल खड़े करती है। यदि जल्द ही छात्रों की मांगों को पूरा नहीं किया गया तो विद्यार्थी परिषद आंदोलन को और व्यापक और तेज करेगी।
मौके पर इकाई मंत्री नेहा, सुहानी, खुशी, अजमेत, आयुष, राहुल, सुभाष, रौशन, अनमोल, अनिकेत, सुधांशु, रंजन, आदित्य, विजेता, अंकित, सौरभ, नवनीत सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











