Advertisement

बेगूसराय में CM नीतीश के हेलीपैड पर सुरक्षा में चूक, आवारा सांड ने मचाई अफरातफरी

-बेगूसराय में CM नीतीश के हेलीपैड पर सुरक्षा में चूक, आवारा सांड ने मचाई अफरातफरी

पटना/बेगूसराय: मुख्यमंत्री Nitish Kumar की सुरक्षा में शनिवार को बेगूसराय में बड़ी चूक का मामला सामने आया। समृद्धि यात्रा के तीसरे चरण के अंतिम दिन उनके दौरे के दौरान हेलीपैड के पास अचानक एक आवारा सांड घुस आया, जिससे वहां अफरातफरी मच गई और पुलिसकर्मियों को जान बचाकर भागना पड़ा।
जानकारी के अनुसार बेगूसराय में मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए बनाए गए हेलीपैड के चारों ओर बांस-बल्लों से बेरिकेटिंग कर प्रतिबंधित क्षेत्र बनाया गया था। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की गई थी, क्योंकि कुछ ही देर में मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर उतरने वाला था।


इसी दौरान अचानक एक आवारा सांड प्रतिबंधित इलाके के पास पहुंच गया और उसने वहां मौजूद पुलिसकर्मियों को दौड़ाना शुरू कर दिया। पुलिसकर्मियों ने उसे भगाने की कोशिश की, लेकिन सांड के आक्रामक रुख के कारण उन्हें अपनी जान बचाकर भागना पड़ा। कुछ देर तक सांड पूरे इलाके में बेखौफ घूमता रहा, जिससे मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया।
हालांकि राहत की बात यह रही कि जब सांड ने वहां उत्पात मचाया, उस समय मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर अभी तक नहीं उतरा था। मौके पर एनडीए के कई नेता और पुलिस-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
कुछ समय बाद सांड के वहां से दूर चले जाने के बाद पुलिस और प्रशासन ने राहत की सांस ली। इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं और आवारा मवेशियों की समस्या को लेकर प्रशासन की तैयारी भी चर्चा में आ गई है।