-मुजफ्फरपुर में सिविल न्यायालय अटेंडेंट भर्ती की प्रारंभिक परीक्षा 15 मार्च को, 28 केंद्रों पर दो पालियों में होगी परीक्षा
—————————–
मुजफ्फरपुर,
13 मार्च,2026
सिविल न्यायालय में अटेंडेंट के पद पर नियुक्ति के लिए 15 मार्च को मुजफ्फरपुर जिले में प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा माननीय उच्च न्यायालय पटना के पर्यवेक्षण में जिले के कुल 28 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में संपन्न होगी। परीक्षा को स्वच्छ, शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी द्वारा व्यापक तैयारी की गई है।
इस परीक्षा में कुल 17,028 अभ्यर्थी शामिल होंगे। पहली पाली की परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों का रिपोर्टिंग समय प्रातः 8:30 बजे से 9:30 बजे पूर्वाह्न तक निर्धारित किया गया है, जबकि दूसरी पाली के लिए रिपोर्टिंग समय अपराह्न 12:30 बजे से 1:30 बजे तक रखा गया है। किसी भी स्थिति में पहली पाली के लिए सुबह 9:30 बजे के बाद तथा दूसरी पाली के लिए अपराह्न 1:30 बजे के बाद अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र के भीतर प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
परीक्षा के सफल और निष्पक्ष संचालन के लिए जिलाधिकारी श्री सुब्रत कुमार सेन और वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कांतेश कुमार मिश्रा द्वारा संयुक्त आदेश जारी करते हुए पर्याप्त संख्या में स्टैटिक दंडाधिकारी, गश्ती दंडाधिकारी तथा पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है। परीक्षा से पूर्व समाहरणालय सभागार में जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों तथा केंद्राधीक्षकों के साथ संयुक्त ब्रीफिंग की। इस दौरान परीक्षा संचालन से जुड़े सभी आवश्यक दिशा-निर्देश और प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई तथा उनका सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
ब्रीफिंग के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्राधीक्षक, स्टैटिक दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की कड़ाई से फ्रिस्किंग की जाए और किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित वस्तु को परीक्षा केंद्र के अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि किसी भी अभ्यर्थी या कर्मी के पास बैग, मोबाइल फोन, पर्स, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, घड़ी, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर, पेजर अथवा अन्य संचार उपकरण नहीं रहने चाहिए।
अभ्यर्थियों को केवल अपना फोटो युक्त पहचान पत्र, प्रवेश पत्र, पारदर्शी पानी की बोतल और बॉल प्वाइंट पेन साथ ले जाने की अनुमति दी गई है। इसके अतिरिक्त किसी भी प्रकार की अन्य सामग्री परीक्षा केंद्र के भीतर ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
परीक्षा की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए सभी केंद्रों पर विशेष तकनीकी व्यवस्थाएं की गई हैं। प्रशासन की ओर से परीक्षा केंद्रों पर वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही बायोमेट्रिक प्रणाली और जैमर भी लगाए जाएंगे, ताकि किसी भी प्रकार की तकनीकी या इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से होने वाली गड़बड़ी को रोका जा सके।

प्रवेश के दौरान परीक्षा केंद्र के मुख्य गेट पर ही अभ्यर्थियों की सघन तलाशी की व्यवस्था की जाएगी। यह व्यवस्था केंद्र अधीक्षक द्वारा अनिवार्य रूप से कराई जाएगी और इसके लिए केंद्र पर प्रतिनियुक्त स्टैटिक दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की सहायता ली जाएगी। महिला अभ्यर्थियों की तलाशी के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। परीक्षा केंद्र के गेट पर तथा आवश्यकता पड़ने पर परीक्षा कक्ष के अंदर महिला परीक्षार्थियों की तलाशी महिला पुलिसकर्मी, महिला वीक्षक, महिला केंद्राधीक्षक तथा प्रतिनियुक्त महिला पदाधिकारी और कर्मियों द्वारा ली जाएगी, ताकि प्रक्रिया गरिमा और नियमों के अनुरूप संपन्न हो सके।
परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था की जिम्मेदारी अनुमंडल स्तर पर भी तय की गई है। अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी और संबंधित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को परीक्षा के अवसर पर विधि-व्यवस्था के प्रभार में रखा गया है। अनुमंडल पदाधिकारी परीक्षा केंद्रों के आसपास भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू करने के लिए आदेश जारी करेंगे। इसके तहत परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ और अवांछित गतिविधियों पर नियंत्रण रखा जाएगा। इसके अलावा सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास नियमित गश्ती कर कदाचार मुक्त परीक्षा का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
जिलाधिकारी ने परीक्षा की समुचित निगरानी और समन्वय के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को भी विशेष जिम्मेदारी सौंपी है। अपर समाहर्ता (राजस्व) और नगर पुलिस अधीक्षक को पूरी परीक्षा अवधि के दौरान विधि-व्यवस्था के वरीय प्रभार में रखा गया है। ये अधिकारी परीक्षा के दौरान लगातार अनुश्रवण और समन्वय करते हुए परीक्षा के सफल संचालन को सुनिश्चित करेंगे।
वहीं पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) को भी विशेष निर्देश दिए गए हैं कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक स्थानों पर पर्याप्त यातायात पुलिस की तैनाती की जाए, ताकि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
जिलाधिकारी ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय से पहले अपने परीक्षा केंद्र पर पहुंचें और परीक्षा से संबंधित सभी नियमों और निर्देशों का पालन करें, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।











