-13 मार्च को किसानों के खातों में आएगी पीएम किसान की 22वीं किस्त, बिहार के 73 लाख किसानों को मिलेगा लाभ
नई दिल्ली। दीपक कुमार तिवारी।
किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 13 मार्च 2026 को किसानों के बैंक खातों में अगली किस्त की राशि भेजी जाएगी। योजना की 22वीं किस्त का वितरण देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी असम के गुवाहाटी से करेंगे।
इस अवसर पर डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से किसानों के खातों में सीधे आर्थिक सहायता भेजी जाएगी। खास तौर पर बिहार के किसानों के लिए यह दिन काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बिहार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव के अनुसार राज्य के 73.34 लाख से अधिक पात्र किसानों के बैंक खातों में करीब 1,467 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे ट्रांसफर की जाएगी।

कृषि मंत्री ने बताया कि यह योजना किसानों की आमदनी बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने की दिशा में केंद्र सरकार की एक महत्वपूर्ण और किसान हितैषी पहल है। इसके तहत पात्र किसान परिवारों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि तीन बराबर किस्तों में सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाती है, जिससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो जाती है और किसानों को पारदर्शी तरीके से लाभ मिलता है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि अधिक से अधिक किसानों को इस योजना का लाभ मिल सके। इसके लिए किसानों का पंजीकरण, आधार सत्यापन और बैंक खातों की NPCI से लिंकिंग का काम तेजी से किया जा रहा है, ताकि पात्र किसानों को समय पर सहायता राशि मिल सके।
कृषि मंत्री ने राज्य के किसानों से अपील की कि जो किसान अभी तक इस योजना से नहीं जुड़े हैं, वे जल्द से जल्द अपना पंजीकरण कराएं और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करें। इससे उन्हें भी योजना का लाभ मिल सकेगा और खेती-किसानी के कार्यों में आर्थिक सहूलियत मिलेगी।
कुल मिलाकर 13 मार्च का दिन किसानों के लिए आर्थिक राहत और उम्मीद की नई किरण लेकर आने वाला है, जब लाखों किसानों के खातों में सीधे सहायता राशि पहुंचेगी।










